नवादा में मगही भाषा के विकास पर हुआ मंथन, काव्य सम्मेलन में कवियों ने बांधा समां

Nawada News : नवादा में मगही भाषा और साहित्य के विकास पर मंथन के लिए मगही मगध नागरिक संघ द्वारा जिला सम्मेलन और काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया.

Nawada News : 'मगही भाषा साहित्य विकास में मगही संघ की भूमिका' विषय पर रविवार को मगही मगध नागरिक संघ के बैनर तले विस्तृत मंथन और मगही काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया. संघ के प्रथम जिला सम्मेलन के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष गौतम कुमार सरगम ने की. कार्यक्रम में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पारस सिंह, मुख्य अतिथि प्रो. उपेंद्र नाथ वर्मा, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, प्रो. वीणा मिश्रा, व्यंग्यकार उदय भारती और गजलकार अशोक समदर्शी मंचासीन रहे.

मगही भाषा के विकास और चुनौतियों पर हुई चर्चा

कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव नितेश कपूर ने किया. प्रथम सत्र में मगही भाषा के विकास और वर्तमान चुनौतियों पर चर्चा की गयी. डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने मगही के विकास में बाधक तत्वों पर प्रकाश डाला. उदय भारती ने कहा कि सत्ता समर्थित मगध क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण मगही जैसी आंचलिक भाषा पीछे जा रही है. प्रो. वीणा मिश्रा ने रचनाधर्मिता को महत्व देते हुए निरंतर लेखन और सृजन की आवश्यकता पर जोर दिया. अशोक समदर्शी ने अपने वक्तव्य में मगही भाषा की सूक्ष्मता और मौलिक रचनाओं की ओर प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया. मुख्य वक्ता प्रो. उपेंद्र नाथ वर्मा ने मगही के प्रति सांस्थानिक उदासीनता के खिलाफ आंदोलन तेज करने की सलाह दी. उन्होंने खासकर विश्वविद्यालयों में मगही भाषा की उपेक्षा को बड़ा संकट बताया.

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन की गतिविधियों की दी जानकारी

राष्ट्रीय अध्यक्ष पारस सिंह ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की गतिविधियों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया. वहीं, जिलाध्यक्ष गौतम कुमार सरगम ने जिले में संघ की ओर से की गयी गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की. उन्होंने संगठन को और मजबूत करने तथा मगही भाषा-साहित्य के प्रचार-प्रसार को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया.

नई जिला कार्यकारिणी का हुआ गठन

दूसरे सत्र में सांगठनिक चुनाव कराया गया. इसमें नई कार्यकारिणी के लिए गौतम कुमार सरगम को पुनः अध्यक्ष, नितेश कपूर को सचिव, रविंद्र सिंह को प्रवक्ता और भागवत प्रसाद को उपदेष्टा निर्वाचित किया गया. वहीं, अनिल मिस्त्री, उमेश प्रसाद और मथुरा प्रसाद को सदस्य चुना गया.

Also Read : गंगा के बढ़ते जलस्तर से बेगूसराय में दहशत, निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी

काव्य गोष्ठी में कवियों ने प्रस्तुत कीं रचनाएं

तीसरे सत्र में मगही काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया. इसमें दर्जनों कवियों ने समसामयिक विषयों के साथ मगही विरासत से जुड़ी गीत, गजल और कविताओं का पाठ किया. कार्यक्रम का संचालन गौतम सरगम ने किया. शंभू विश्वकर्मा, दयानंद गुप्ता, एसके सिद्धार्थ, नवनीत कृष्ण, उत्पल भारद्वाज, अशोक समदर्शी, भागवत प्रसाद, नितेश कपूर, उदय भारती, वीणा मिश्रा, कुणाल कुमार और शिवदानी भारती सहित अन्य कवियों ने अपनी मनमोहक और प्रेरक रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं.

दिवंगत साहित्यकारों को दी गयी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान मगही भाषा और साहित्य के दिवंगत शिखर पुरुष मगधेश मिथलेश और गीतकार जयप्रकाश के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. वक्ताओं ने उनके निधन को मगही भाषा और साहित्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उनके साहित्यिक योगदान को याद करते हुए मगही भाषा के विकास के लिए उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया.

Also Read : बेगूसराय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर संकुल स्तरीय कार्यशाला, शिक्षकों ने रखे विचार

मगही साधक सम्मान से सम्मानित हुए संस्कृतिकर्मी

मगही भाषा के लिए समर्पित कई संस्कृतिकर्मियों को 'मगही साधक सम्मान 2026' से सम्मानित किया गया. सम्मानित लोगों में फिल्म निर्देशक राहुल वर्मा, यूट्यूबर निशांत एंड ग्रुप समेत कवि, वक्ता और कार्यकारिणी के सदस्य शामिल रहे. इसके अलावा पत्रकार राजेश मांझवेकर, ब्यूरो चीफ विशाल कुमार, रणजीत कुमार और सुरेश प्रसाद सहित अन्य लोगों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मगही भाषा और साहित्य के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार को लेकर आगे भी निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया.

Also Read : अंतिम सोमवारी को लेकर बाबा हरिगिरिधाम में प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की तैयारियां तेज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >