Nawada Pranay Murder Case : नवादा के पांचूगढ़ निवासी प्रधानाध्यापक मनीश भारती के पुत्र प्रणय भारती उर्फ पीयूष हत्याकांड के बाद हिसुआ में पुलिस और प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है. घटना के बाद दोनों पक्षों की बयानबाजी, पोस्टर वार, काउंटर पोस्ट और सोशल मीडिया पर गतिविधियों को लेकर पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है. सोशल मीडिया और कथित आपत्तिजनक बयानबाजी से जुड़े मामलों में साइबर थाने और हिसुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
सोशल मीडिया गतिविधियों पर पुलिस की नजर
पुलिस के अनुसार, भीड़ जुटाने, हंगामा, कथित आपत्तिजनक बयानबाजी और सोशल मीडिया पर विवादित सामग्री के प्रसार से जुड़े मामलों में नई प्राथमिकी दर्ज की गई है. साइबर थाने में कांड संख्या 82/26 और 83/26 दर्ज की गई है, जबकि हिसुआ थाने में कांड संख्या 508/26, 514/26, 515/26, 519/26 और 524/26 दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
मोनू सिंह और कन्हैया सिंह के खिलाफ प्राथमिकी
साइबर थाने में दर्ज एक मामले में मोनू सिंह और कन्हैया सिंह को आरोपित किया गया है. मोनू सिंह को रणवीर सेना के संस्थापक दिवंगत ब्रह्मेश्वर मुखिया का पोता बताया गया है. दूसरे मामले में पूर्व एमएलसी अशोक चंद्रवंशी को आरोपित किया गया है. पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मामला सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से ऐसी सामग्री के प्रसार से जुड़ा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकी में दर्ज आरोपों की जांच जारी है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी
जिला पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम 24 घंटे गतिविधियों पर नजर रख रही है. पुलिस सोशल मीडिया पर किए गए अन्य पोस्ट को भी चिन्हित कर रही है. जरूरत पड़ने पर संबंधित सामग्री को हटाने के लिए आर्थिक अपराध इकाई के साथ समन्वय किया जा रहा है.
हिसुआ में लगाई गई निषेधाज्ञा
कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है. पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव बढ़ाने वाली गतिविधि से दूर रहने की अपील की गई है.
1 सितंबर को हुई थी प्रणय की हत्या
बता दें कि 1 सितंबर को हिसुआ के पांचूगढ़ मोहल्ले में हुई गोलीबारी में प्रणय कुमार भारती उर्फ पीयूष की हत्या हुई थी. पुलिस के अनुसार, घटना में दूसरे पक्ष के चंदन कुमार और अखिलेश कुमार घायल हुए थे. घटना के बाद विरोध-प्रदर्शन, बाजार बंद, विभिन्न संगठनों का जुटान और कैंडल मार्च भी हुआ था.
मुख्य आरोपी के खिलाफ 72 घंटे में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के अनुसार, मुख्य अभियुक्त नीरज कुमार उर्फ कारू डॉन के खिलाफ घटना के 72 घंटे के भीतर न्यायालय से वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई प्राप्त की गई. पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त बताए जा रहे अन्य 10 अभियुक्तों के खिलाफ भी न्यायालय से वारंट प्राप्त किया जा चुका है.
अफवाह और विवादित पोस्ट से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचना, अफवाह या ऐसी कोई सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें, जिससे सामाजिक तनाव बढ़ सकता है. पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
Also Read : नवादा : गोविंदपुर में मूसलाधार बारिश के बाद बिगड़ी स्थिति, नाला जाम होने से सड़क पर जलजमाव,आवागमन बंद
