पीयूष हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिले एनडीए के नेता, एसआईटी जांच पर टिकी निगाहें

Nawada News : हिसुआ में प्रणय कुमार उर्फ पीयूष की गोली मारकर हत्या के बाद परिजनों से मिलने नेताओं का तांता लगा रहा. जहानाबाद के पूर्व सांसद और दरभंगा के जदयू विधायक सहित कई नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया. मामला बाइक सटने के बाद बढ़े विवाद और फिर हुई फायरिंग से जुड़ा है, जिसमें 24 वर्षीय छात्र की जान चली गई.

Nawada News : हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचूगढ़ मोहल्ले में हुए प्रणय कुमार उर्फ पीयूष हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने वालों का सिलसिला जारी है. गुरुवार को जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, दरभंगा के जदयू विधायक राजेश मंडल उर्फ ईश्वर मंडल, जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद, जदयू प्रदेश सचिव राजीव रंजन पटेल और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल पांचूगढ़ पहुंचा. नेताओं ने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया.

बाइक सटने के बाद बढ़ा विवाद, फायरिंग में गई छात्र की जान

बताया गया कि मंगलवार दोपहर टीएस कॉलेज के पास प्रणय की बाइक एक बुलेट और स्कॉर्पियो से सट गई थी. इसके बाद मामूली कहासुनी हुई, लेकिन मामला शांत हो गया. आरोप है कि कुछ देर बाद बगोदर की ओर से 20-30 हथियारबंद युवक ब्रेजा, स्कॉर्पियो और बुलेट से पांचूगढ़ पहुंचे और फायरिंग कर दी. गोली लगने से 24 वर्षीय बीए पार्ट-1 के छात्र प्रणय की मौत हो गई, जबकि चंदन कुमार और अखिलेश कुमार घायल हुए.

पांच से सात घंटे तक जाम रहा हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने प्रणय का शव सड़क पर रखकर हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग को करीब पांच से सात घंटे तक जाम रखा था. लोगों ने घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की थी.

पूर्व सांसद ने आरोपितों को सजा दिलाने का दिया भरोसा

पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने घटना को दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि अपराधियों को कानून के तहत सजा दिलाई जाएगी. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना से संबंधित पूरी रिपोर्ट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष रखी जाएगी.

Also Read : बेगूसराय में कार्बन क्रेडिट से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, आईआईटी रूड़की के विशेषज्ञों ने किया अध्ययन

मुख्य आरोपी के खुलेआम घूमने पर उठाए सवाल

नेताओं ने मुख्य आरोपी के सीसीए अभियुक्त होने के बावजूद खुलेआम घूमने पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है. फरार आरोपितों के खिलाफ कुर्की-जब्ती समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : एनपीएस सोनमा में पौधरोपण कार्यक्रम, बच्चों ने लिया पौधों की देखभाल का संकल्प

एसआईटी जांच से न्याय की उम्मीद

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान नेताओं ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा. मौके पर जदयू और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Also Read : बेगूसराय में गंगा जी में स्नान के दौरान डूबा 10 वर्षीय बालक, तलाश में जुटे गोताखोर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बब्लू कुूमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >