Nawada News : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जिले के घर-घर तक पहुंचाने और आम लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ रवाना किया गया. लघु जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन एवं जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया.
सभी प्रखंडों में भ्रमण करेगा जागरूकता रथ
इस दौरान विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि जागरूकता रथ जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण करेगा. इस दौरान लोगों को अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा. साथ ही लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
सौर ऊर्जा से कम होगा बिजली बिल का बोझ
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की बिजली जरूरत को सौर ऊर्जा से पूरा करने के साथ उपभोक्ताओं के बिजली बिल का बोझ कम करना है. रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के बाद उपभोक्ता अपनी बिजली की जरूरत का बड़ा हिस्सा स्वयं पूरा कर सकते हैं. इससे बिजली बिल को न्यूनतम या शून्य तक लाने में मदद मिल सकती है.
स्वच्छ और किफायती ऊर्जा अपनाने की अपील
मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन एवं डीएम रवि प्रकाश ने आम लोगों से योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ, हरित और किफायती ऊर्जा अपनाने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से बिजली पर निर्भरता कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी. योजना का लाभ लेने की निर्धारित समय-सीमा मार्च 2027 तक है.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
जागरूकता रथ रवाना किए जाने के मौके पर उप विकास आयुक्त, एसडीओ सदर, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला परिषद अध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
