Nawada News : नवादा जिले के हिसुआ के युवा संगीतकार और गायक पियूष रंजन ने बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर नवादा जिले का गौरव बढ़ाया है. चर्चित फिल्म निर्देशक इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म 'तेरा यार हूँ मैं' देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म के रिलीज होते ही इसके संगीत की जमकर चर्चा हो रही है और इसमें पियूष रंजन के योगदान की भी खूब सराहना की जा रही है.
म्यूजिक अरेंजिंग के साथ गायन से भी जीता दिल
फिल्म में पियूष रंजन ने म्यूजिक अरेंजिंग के साथ-साथ अपनी सुरीली आवाज का भी जादू बिखेरा है. उनके संगीत संयोजन और गायन को श्रोताओं का भरपूर प्यार मिल रहा है. रिलीज के बाद फिल्म के गीत प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर लगातार ट्रेंड कर रहे हैं और पिछले सात दिनों से श्रोताओं के बीच लोकप्रिय बने हुए हैं.
संघर्ष और मेहनत से बनाई बॉलीवुड में पहचान
हिसुआ निवासी गोरेलाल सिंह के पुत्र पियूष रंजन बचपन से ही संगीत के प्रति समर्पित रहे हैं. बिना किसी फिल्मी पृष्ठभूमि के हिसुआ से मुंबई पहुंचकर बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाना उनके संघर्ष, मेहनत और प्रतिभा का परिणाम माना जा रहा है.
जिले में खुशी का माहौल
फिल्म 'तेरा यार हूँ मैं' में उनके योगदान ने उन्हें नई पहचान दिलाई है. उनके काम की चर्चा अब फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ नवादा जिले में भी हो रही है. पियूष की इस उपलब्धि से हिसुआ सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों, संगीत प्रेमियों और शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है. उनका कहना है कि पियूष रंजन ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर छोटे शहरों के युवा भी बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं. उनकी इस सफलता ने न सिर्फ हिसुआ और नवादा, बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया है.
