नवादा: पकरीबरावां के कई विद्यालयों में मध्यान भोजन बंद, बच्चों के पोषण पर व उपस्थिति पर पड़ेगा असर

नवादा के पकरीबरावां प्रखंड में चावल की आपूर्ति बाधित होने से कई सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना बंद हो गई है. इसका सीधा असर बच्चों के पोषण और स्कूल में उनकी उपस्थिति पर पड़ रहा है. अभिभावक चिंतित हैं और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.

Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों में चावल की आपूर्ति बाधित होने के कारण मध्यान भोजन योजना प्रभावित हो गई है. पिछले कुछ दिनों से कई विद्यालयों में बच्चों को मध्यान भोजन नहीं मिल पा रहा है, जिससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है.

आदर्श मध्य विद्यालय धमौल में तीन दिनों से बंद है भोजन

प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय, धमौल में पिछले तीन दिनों से मध्यान भोजन योजना पूरी तरह बंद है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने बताया कि उपलब्ध चावल का स्टॉक समाप्त हो जाने के कारण भोजन नहीं बन सका. इसकी सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है और चावल उपलब्ध होते ही योजना फिर से शुरू कर दी जाएगी.

टेंडर समाप्त होने से आई आपूर्ति में बाधा

मिड-डे मील के प्रखंड प्रभारी आलोक कुमार चंचल ने बताया कि चावल आपूर्ति का टेंडर समाप्त हो जाने के कारण कुछ विद्यालयों में यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में चावल उपलब्ध नहीं है, वहां सोमवार को चावल भेज दिया जाएगा, जिसके बाद सभी प्रभावित विद्यालयों में मध्यान भोजन योजना फिर से नियमित रूप से संचालित होने लगेगी.

बच्चों के पोषण पर पड़ रहा असर

मध्यान भोजन योजना बंद रहने से बच्चों को विद्यालय में मिलने वाला पौष्टिक भोजन नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों के कई छात्र-छात्राएं इस योजना पर निर्भर रहते हैं. अभिभावकों का कहना है कि यह योजना बच्चों के पोषण के साथ-साथ विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती . ऐसे में खाद्यान्न की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए. ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए खाद्यान्न की वैकल्पिक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और पोषण दोनों प्रभावित न हों. प्रखंड स्तर से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार से प्रभावित विद्यालयों में चावल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी, जिसके बाद मध्यान भोजन योजना पुनः सामान्य रूप से संचालित होने लगेगी.

ALSO READ: पटना के राजीव नगर हत्याकांड में कार्रवाई, प्रेमिका का भाई गिरफ्तार, अस्पताल में चल रहा इलाज




प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vishwanath Kumar

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >