ओवरलोड व बिना चालान वाले डेढ़ दर्जन ट्रक जब्त

NAWADA NEWS.बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी और उसके आसपास के क्षेत्रों में ओवरलोड व बिना चालान के चलने वाले ट्रकों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी.

डीएम और एसपी के निर्देश पर पूरी रात चली छापेमारी

रजौली.

बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी और उसके आसपास के क्षेत्रों में ओवरलोड व बिना चालान के चलने वाले ट्रकों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी. इस दौरान एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन और खनन पदाधिकारी के साथ रजौली थाने के पुलिस मौजूद रही. इस कार्रवाई में लगभग डेढ़ दर्जन ट्रकों को जब्त कर जांच चौकी पर लगाया गया है.वहीं दो ट्रक चालकों को हिरासत में लेकर थाने में रखा गया है. पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से ओवरलोड व बिना चालान के गिट्टी ढोने वाले ट्रक संचालकों में खलबली मच गयी है. जानकारी के अनुसार प्रशासन की ओर से शनिवार की रात लगभग 10:30 बजे से जांच चौकी पर कागजातों की जांच की जा रही थी. इधर, वाहन जांच की खबर सुनते ही ट्रक चालक जांच चौकी से दूर दिबौर व झारखंड के काली मंडा में वाहनों को रोककर जांच खत्म होने का इंतजार करने में जुटे रहे. इसकी सूचना पर जांच टीम में रहे पदाधिकारियों ने सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रकों, जिसका चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था, उसे जब्त कर जांच चौकी पर ले आये. यह कार्रवाई शनिवार की देर रात लगभग तीन बजे तक चली.

लॉक तोड़कर झारखंड क्षेत्र से लाये गये कई ट्रक

झारखंड के कोडरमा जिले के सुनील मेहता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि चालक डोमचांच से ट्रक पर गिट्टी लादने के बाद मेघातरी व काली मंडा के आसपास ही होटल में खाना आदि खाकर चलते हैं, जो झारखंड क्षेत्र में पड़ता है. लेकिन रात लगभग 12 बजे के आसपास रजौली पुलिस व प्रशासन के साथ खनन विभाग के लोग मेघतरी पहुंचे और वाहन चालकों को ढूंढने लगे. प्रशासन के सख्त रवैया देखकर वाहन चालक इधर- उधर भाग खड़े हुए. इस दौरान प्रशासन ने मेरी दो वाहन जेएच 12 एन 0059 और जेएच 12 एस 6326 के लॉक को तोड़कर जबरन झारखंड क्षेत्र से बिहार लेकर चले गये.

वैध कागजातों के बावजूद चालक हिरासत में

झारखंड के कोडरमा जिला निवासी बलराम कुमार ने बताया कि उनके दो वाहन बीआर 11 जीसी 0475 और जेएच 02 बीटी 9300 अंडरलोडिंग और वैध कागजातों के साथ शनिवार की रात लगभग 10:30 बजे डोमचांच क्रशर से गिट्टी लोडकर बिहार के पश्चिमी चंपारण के लिए निकली, जिसमें एक वाहन जेएच 02 बीटी 9300 को जबरन रोककर उसके चालक श्रवण कुमार को थाने में बंद करके रखा गया है. उन्होंने कहा कि वे रजौली पहुंच पदाधिकारियों से मिलने का प्रयास भी किये, किंतु जिला खनन पदाधिकारी व एसडीएम रजौली से फोन पर भी बात नहीं हो सकी है.

पहले भी हुई है कार्रवाई

खनन विभाग समेत रजौली प्रशासन ने पूर्व में भी ओवरलोडेड वाहनों व बिना चालान के गिट्टी लदे वाहनों के विरुद्ध कई बार कार्रवाई की है. किंतु इस बार बड़े पैमाने पर की गयी कार्रवाई से ट्रक मालिकों में रोष व्याप्त है.

क्या कहते हैं खनन पदाधिकारी

इस संबंध में नवादा जिला खनन पदाधिकारी अमन प्रत्यय ने बताया कि जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक नवादा के निर्देश पर नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त कर समेकित जांच चौकी पर रखा गया है. उन्होंने ट्रक मालिकों के लगाये जा रहे आरोप को निराधार है. साथ ही बताया कि विभाग के पदाधिकारी संबंधित कागजातों की जांच में जुटे हैं. जांच के दौरान सही कागजात वाले वाहनों को छोड़ दिया जायेगा. वहीं जिन वाहनों के कागजातों में कमी होगी, उसके विरुद्ध अग्रतर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >