Nawada News : नवादा नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग होम में कार्यरत महिला कर्मी ने अपने ही सहकर्मियों पर गाली-गलौज, मारपीट, छिनतई और रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पांच लोगों को बनाया नामजद आरोपी
पीड़िता ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि रोह थाना क्षेत्र के महकार निवासी उसकी सहकर्मी सीमा कुमारी, सुजीत कुमार, निर्जल कुमार, निरंजन कुमार तथा सुनिता देवी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया. विरोध करने पर सभी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और छिनतई की घटना को अंजाम दिया. साथ ही रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई. आवेदन के आधार पर पुलिस ने नामजद सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
नगर थाना पुलिस ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद नर्सिंग होम से जुड़े कर्मियों के बीच भी चर्चा का माहौल है.
