Nawada News : सिरदला थाना पुलिस ने शराबबंदी अभियान के तहत कांड संख्या 221/26 में कार्रवाई करते हुए देशी महुआ शराब के साथ नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
विभिन्न जिलों के नौ आरोपित गिरफ्तार
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में लौंद निवासी सुनील चौधरी, कुशाहन निवासी मुकेश राजवंशी और ललन कुमार, सिरदला निवासी रवि कुमार, सोनू चौधरी और गुड़िया देवी, गया जिले के तरमा निवासी अरुण कुमार चौधरी, केवरी निवासी हरिचंद्र चौधरी तथा पटना जिले के बाढ़ निवासी गौतम कुमार शामिल हैं.
दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार
कार्रवाई के दौरान दो शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए. थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपित
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए नवादा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया.
शराब के अवैध कारोबारियों पर रहेगी सख्त कार्रवाई
थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
