मेसकौर के सभी प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में 22-27 जून तक स्वागत सप्ताह, गर्मी छुट्टी के बाद स्कूलों में पुनः पढ़ाई से जोड़ने का अभियान शुरू

Nawada School Update : बैक टू स्कूल वीक: सजावट, गतिविधियां और पीटीएम से मेसकौर में सीखने का माहौल बेहतर करने की मुहिम. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

नवादा से प्रेम कुमार की रिपोर्ट
Nawada School Update : गर्मियों की छुट्टियों के बाद मेसकौर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति को बढ़ाने के लिए 22 से 27 जून तक ‘बैक टू स्कूल’ अभियान चलाया जाएगा. यह अभियान कक्षा 1 से 8 के बच्चों के लिए स्कूल के वातावरण को सुरक्षित और प्रेरणादायक बनाने पर जोर देगा. इस दौरान अभिभावकों की भागीदारी को भी महत्त्व दिया जाएगा. बताते चले कि गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने पर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा उन्हें पुन: पढ़ाई से जोड़ने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने 22 से 27 जून तक प्रखंड के सभी सरकारी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में ‘स्वागत सप्ताह (बैक टू स्कूल वीक)’ आयोजित करने का निर्देश जारी किया है. प्राथमिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी पत्र का हवाला देते हुए मेसकौर BEO संजय जायसवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में संचालित होगा.

बच्चों की उपस्थिति व प्रगति के लिए कदम, 22-27 जून तक ‘हर सपने का सम्मान’ थीम

बीईओ ने बताया कि अवकाश के बाद विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति में अक्सर कमी देखी जाती है, जिसका असर उनकी शैक्षणिक प्रगति पर पड़ता है. इसे ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में बच्चों के लिए स्वागतपूर्ण, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण तैयार किया जाएगा, ताकि वे उत्साह के साथ विद्यालय लौटें और पढ़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाएं. BEO ने बताया की स्कूल खुलते ही 22 से 27 जून तक चलेगा स्वागत सप्ताह. स्वागत सप्ताह का आयोजन ‘हर बच्चे का स्वागत, हर सपने का सम्मान’ थीम पर किया जाएगा.

स्कूल माहौल सुरक्षित और प्रेरणादायक बनाने का लक्ष्य

इस दौरान विद्यालयों की सजावट, बच्चों का आत्मीय स्वागत, लाउडस्पीकर के माध्यम से अभिभावकों और बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने सहित कई गतिविधियां आयोजित होंगी. चेतना सत्र में प्रेरक संवाद, कहानी, कविता और स्थानीय प्रेरक व्यक्तित्वों के जीवन परिचय भी साझा किए जाएंगे. सप्ताह के प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों पर गतिविधियां होंगी, जिनमें ‘स्वागत एवं पुनर्मिलन’, ‘मैंने देखा’, ‘मेरा अनुभव-मेरी सीख’, ‘मेरा सपना मेरी उड़ान’ तथा ‘उपलब्धियों का उत्सव’ प्रमुख हैं. अंतिम दिन विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) आयोजित की जाएगी तथा उत्कृष्ट बच्चों और अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा. शिक्षा विभाग ने जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को कार्यक्रम की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया है. साथ ही विद्यालय शिक्षा समिति, अभिभावकों, स्थानीय समुदाय और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया है. इससे विद्यालयों में नामांकन, उपस्थिति और सीखने के माहौल को बेहतर बनाने की उम्मीद जताई गई है.

Also Read : बेगूसराय में गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, आरोपी पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >