Nawada News : सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए सोमवार का दिन राहत और खुशी लेकर आया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से राज्य के 1 करोड़ 1 लाख 33 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की. प्रत्येक लाभार्थी को 1,100 रुपये की दर से कुल 1,157 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि भेजी गई.
हर माह 10 तारीख को पेंशन भेजने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन भेजी जा रही है. सरकार का उद्देश्य वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सम्मानजनक और सुगम बनाना है.
नवादा में हुआ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की उपस्थिति में डीआरडीए सभागार, नवादा में किया गया. यहां बड़ी संख्या में पेंशनधारियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन तथा पेंशन राशि हस्तांतरण का सीधा प्रसारण देखा.
नवादा में 2.32 लाख से अधिक पेंशनधारी
प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने बताया कि जिले में छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हैं. इनमें बिहार राज्य निशक्तता पेंशन के 27,791, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन के 1,378, वृद्धावस्था पेंशन के 47,420, विधवा पेंशन के 4,322, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 26,590 और मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,25,272 लाभार्थी शामिल हैं. इस तरह नवादा जिले में कुल 2,32,773 पेंशनधारी हैं, जिनके खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी गई. कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता प्रिंस राज, गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार समेत अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशनधारी मौजूद रहे.
Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक
