Nawada News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को नवादा में ‘हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम-2026’ का भव्य आयोजन किया गया. हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के जोश और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया. यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.
प्रभारी मंत्री और डीएम ने किया तिरंगा यात्रा का नेतृत्व
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री सह नवादा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन और जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया. यात्रा जिला अतिथि गृह से शुरू होकर कलेक्ट्रेट गेट स्थित अंबेडकर पार्क पहुंची. इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन शामिल हुए.
तिरंगे के साथ राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने पूरे मार्ग को उत्साह से भर दिया. प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया. यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
घर-घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रदर्शित करने का आह्वान किया.
अंबेडकर पार्क में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
तिरंगा यात्रा के समापन के बाद अंबेडकर पार्क परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी सहित पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद किया गया और उनके विचारों के अनुरूप समानता एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में सदर एसडीओ अमित अनुराग, डीडीसी नीलिमा साहू, प्रदेश महासचिव लवकुश कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण, नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी कुमारी के अलावा दर्जनों जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
