Nawada News: स्मार्ट मीटर का रिचार्ज खत्म होते ही बंद हुई जलापूर्ति, गोविंदपुर में गहराया पेयजल संकट

Nawada News: नवादा के गोविंदपुर बाजार में स्मार्ट मीटर का रिचार्ज खत्म होने से जलमीनार की जलापूर्ति दो दिनों से ठप है. भीषण गर्मी के बीच करीब 1400 उपभोक्ता पेयजल संकट से जूझ रहे हैं.

Nawada News (जावेद नजफ की रिपोर्ट): लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की लापरवाही के कारण गोविंदपुर बाजार में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है. सकरी नदी किनारे स्थित 50 हजार गैलन क्षमता वाली जलमीनार से पिछले दो दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह बंद है. बताया जा रहा है कि जलमीनार में लगे बिजली के स्मार्ट मीटर का रिचार्ज समाप्त हो जाने के कारण शनिवार की शाम से मोटर बंद पड़ा है और विभाग द्वारा अब तक रिचार्ज नहीं कराया गया है.

भीषण गर्मी में पानी के लिए भटक रहे लोग

जलापूर्ति ठप होने से पंचायत के पांच वार्डों के करीब 1400 कनेक्शनधारी उपभोक्ता परेशान हैं. भीषण गर्मी के बीच लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ घरेलू कार्यों के लिए भी पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है. खासकर महिलाओं की परेशानी काफी बढ़ गई है, जिन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश परिवार इसी जलमीनार के पानी का उपयोग पीने के लिए करते हैं. लगातार दूसरे दिन सप्लाई बंद रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था का प्रयास

उपभोक्ताओं ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या सबसे बड़ी चुनौती बन गई है, लेकिन विभाग समय रहते समाधान नहीं कर पा रहा है. हालांकि स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है.

स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़ीं समस्याएं

मामले की जानकारी मिलने पर पीएचईडी विभाग के एसडीओ प्रिंस कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर के कारण तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई है. उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के एसडीओ से बातचीत कर मीटर को ‘प्रिविलेज’ कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि भविष्य में रिचार्ज समाप्त होने पर जलापूर्ति बाधित न हो.

गौरतलब है कि करीब 20 दिन पहले जलमीनार में पुराने प्लेन मीटर की जगह स्मार्ट मीटर लगाया गया था. स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से लगातार समस्याएं सामने आ रही हैं. इससे पहले भी मोटर खराब होने के कारण करीब 15 दिनों तक जलापूर्ति बाधित रही थी.

Also Read: नवादा अमझर कुंड हादसे के बाद, एसपी पहुंचे घटनास्थल, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >