नवादा से कुमार मनीष देव की रिपोर्ट
Nawada News : रजौली प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक बाबा दुर्वासा धाम की तलहटी में बसे गिरगी ग्राम में सनातन धर्म के महापर्व श्री श्री 108 श्री नवचण्डी महायज्ञ एवं देवी प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का अत्यंत भव्य और श्रद्धापूर्ण शुभारंभ हो गया है. जिसके प्रथम दिन पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व धार्मिक उत्साह और ‘दुर्गा महारानी की जय’ के उद्घोष देखने को मिले. पुराने देवी मंडप के नवनिर्माण के पावन उद्देश्य से आयोजित इस दस दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन गांव और आसपास के हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई,जिसमें पवित्र धनार्जय नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल उठाकर श्रद्धालु महिला-पुरुषों और कुंवारी कन्याओं ने गाजे-बाजे के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया और इस मंगलकारी पवित्र जल को गिरगी रजौली स्थित नवनिर्मित देवी मंडप में स्थापित कर यज्ञ मंडप का पूजन व संध्याकालीन मंडप प्रवेश संपन्न किया.
वैदिक मंत्रों के बीच संपन्न होगा नवचण्डी महायज्ञ, ब्राह्मणों की टोली जुटी
इस अवसर पर ग्रामीणों ने माता दुर्गतिनाशिनी से समस्त क्लेश, दुख और दरिद्रता को दूर कर असीम कृपा बरसाने की मंगल कामना की. आगामी 25 जून 2026 तक चलने वाले इस महान धार्मिक महायज्ञ में प्रतिदिन भव्य कलश यात्रा, मंडप पूजन, रात्रि प्रवचन, महाआरती, हवन और विभिन्न अधिवासों जैसे दिव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी जिसमें श्री धाम वृन्दावन से पधारीं प्रख्यात कथावाचिका संध्या पाण्डेय के मुखारविंद से संगीतमय दिव्य कथा की रसवर्षा होगी तथा डूमरकोल के लाल बाबा मठ से पधारे संन्यासी बाबा संत नागेन्द्र दास जी महाराज का दिव्य सानिध्य और आशीर्वाद समस्त भक्तों को प्राप्त होगा. इस पूरे अनुष्ठान को वैदिक रीति-रिवाज और पूर्ण शुद्धता के साथ संपन्न कराने के लिए मुख्य यज्ञाचार्य राधेश्याम पाण्डेय, प्रदीप पाण्डेय और उपेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में ब्राह्मणों की टोली जुटी हुई है जिसमें गुड्डू पाण्डेय, मुन्ना पाण्डेय एवं बिट्टू पाण्डेय जैसे विद्वान शामिल हैं.
कन्या पूजन, हवन और ब्राह्मण भोजन के साथ संपन्न होगा मुख्य अनुष्ठान
वहीं मुख्य पुजारी के रूप में रामजतन पाण्डेय, हीरिल राम, कामेश्वर यादव और अनिल राम अनवरत सेवा दे रहे हैं,जबकि महायज्ञ के सफल संचालन और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में ग्राम देवी मंडप सेवा समिति गिरगी एवं समस्त ग्रामवासियों के साथ-साथ विजय यादव, भूषण विश्वकर्मा, रामस्वरूप राम, रविन्द्र कुमार, रवि रंजन कुमार, चन्द्रिका यादव, संतोष कुमार, पप्पू कुमार, शंभू कुमार, सूरज कुमार, पवन कुमार, सरजू राम और राहुल पाण्डेय सहित सभी तन-मन-धन से समर्पित हैं. आगामी 24 जून को मुख्य अनुष्ठान के तहत भव्य देवी प्राण प्रतिष्ठा, हवन, कन्या पूजन व ब्राह्मण भोजन कराया जाएगा. जिसके उपरांत 25 जून को पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद वितरण के साथ इस भव्य भंडारे का समापन होगा.
