Nawada News (रजौली से कुमार मनीष देवी की रिपोर्ट): रजौली अनुमंडल सभागार में बुधवार को डीडीसी नवादा सह निर्वाची पदाधिकारी नीलमा साहू एवं एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन की देखरेख में रजौली नगर पंचायत की सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों का चुनाव संपन्न कराया गया. चुनाव प्रक्रिया नवादा जिलाधिकारी के निर्देश पर शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई. इस दौरान विधि व्यवस्था हेतु अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी के अलावे द्वार पर मजिस्ट्रेट के रूप में सिंचाई प्रमंडल के कनीय अभियंता तस्लीम अख्तर भी पुलिस बलों के साथ मौजूद रहे.
6 पार्षदों ने कराया था नामांकन
चुनाव प्रक्रिया नामांकन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चला. नगर पंचायत के 14 वार्ड पार्षदों में कुल 6 लोगों ने नामांकन करवाया था. नामांकित लोगों में निवर्तमान सशक्त स्थाई समिति के सदस्य वार्ड संख्या 2 की पार्षद जेबी देवी व वार्ड संख्या 10 के पार्षद संतोष कुमार वर्मा शामिल थे. वहीं वार्ड संख्या 3 के पार्षद मुकेश कुमार, वार्ड संख्या 7 की पार्षद निर्मला देवी, वार्ड संख्या 11 की पार्षद रेखा कुमारी एवं वार्ड संख्या 14 के पार्षद धीरज कुमार चौधरी ने पहली बार सदस्य हेतु नामांकन करवाया था.
11 बजे से मतदान की प्रक्रिया
नामांकन प्रक्रिया के बाद जांच के लिए एक घंटे का समय निर्धारित था. बुधवार को सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हुई. मतदान के बाद चुनाव के परिणामों की घोषणा की गई. चुनाव परिणाम में मुकेश कुमार को 14 में 11 मत, रेखा कुमारी को 14 में 8 मत एवं धीरज कुमार चौधरी को 14 में 10 मत प्राप्त हुए. वहीं इनके विपक्ष में खड़े जेबी देवी को 3 मत, निर्मला देवी को 6 मत एवं संतोष कुमार वर्मा को 4 मत मिले. इस प्रकार वार्ड संख्या 3 के मुकेश कुमार,वार्ड संख्या 11 की रेखा कुमारी एवं वार्ड संख्या 14 के धीरज कुमार चौधरी रजौली नगर पंचायत के सशक्त स्थाई समिति के नए सदस्य निर्वाचित हुए.
विजय प्रत्याशी को दिया गया प्रमाण पत्र
निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पदाधिकारियों द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र दिया गया एवं पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. प्रमाण पत्र लेकर जब वे बाहर आए, तो समर्थकों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को मिठाई खिलाई एवं फूलों की माला पहनाकर खुशी का इजहार किया. इस मौके पर वार्ड पार्षद विजय रविदास, खुशनुमा परवीन, पूजा कुमारी, मेवालाल साव, कमला देवी व जीरिया देवी, प्रतिनिधि गोपाल प्रसाद यादव, मो. इरफान आलम, राजू कुमार समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे.
Also Read: ककोलत जलप्रपात में बढ़े प्रवेश शुल्क का असर, पर्यटक घटे, कारोबार ठप पड़ने से दुकानदार मायूस
