Nawada News (रजौली से कुमार मनीष देव की रिपोर्ट)
नवादा जिले में खनन विभाग और रजौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चितरकोली समेकित जांच चौकी के पास अवैध पत्थर लदे दो ट्रकों को जब्त किया गया है. जांच में दोनों वाहनों के ई-परिवहन चालान फर्जी पाए गए. मामले में दोनों ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. खनन विभाग ने दोनों ट्रकों पर कुल 17.34 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है.
650 किलोमीटर की दूरी 12 घंटे में तय करने के दावे पर हुआ शक
पहला मामला 12 चक्का ट्रक संख्या जेएच12क्यू0558 से जुड़ा है, जिसे 15 जून की रात करीब 9:10 बजे जांच चौकी पर रोका गया. चालक बिक्कू कुमार ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले से जारी ई-चालान प्रस्तुत किया. जांच में पाया गया कि चालान के अनुसार सुबह 9:20 बजे लोडिंग हुई थी और मात्र 12 घंटे में लगभग 650 किलोमीटर की दूरी तय कर ट्रक नवादा पहुंच गया, जो व्यावहारिक रूप से संभव नहीं था. ट्रक में करीब 587 घनफीट पत्थर लदा मिला. इस मामले में 8.62 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
इसी तरह रात करीब 9:50 बजे 14 चक्का ट्रक संख्या जेएच13एफ4091 को पकड़ा गया. चालक संतोष कुमार यादव ने भी मध्यप्रदेश के सीधी से जारी ई-चालान दिखाया. जांच में इस चालान पर भी संदेह हुआ. ट्रक में लगभग 674 घनफीट पत्थर लदा मिला. इस वाहन पर 8.72 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
गिरफ्तार चालकों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में जेल
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि खनन निरीक्षक संतोष प्रकाश झा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों ट्रकों को जब्त कर जांच चौकी पर रखा गया है. गिरफ्तार चालकों में दिबौर गांव निवासी बिक्कू कुमार और छतनी गांव निवासी संतोष कुमार यादव शामिल हैं. दोनों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. खनन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध चालान और इंट्री माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
