नवादा से कुमार मनीष देव की रिपोर्ट
Nawada News : अनुमंडल क्षेत्र में मुहर्रम के पावन त्योहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल सभागार में उच्चस्तरीय संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन और एसडीपीओ गुलशन कुमार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए. बैठक में रजौली बीडीओ संजीव झा,सीओ मो. गुफरान मजहरी व थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार,सिरदला बीडीओ दीपेश कुमार व सीओ भोला कुमार,मेसकौर सीओ अभिनव राज,नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार,परनाडाबर थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार,गोविंदपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार,अकबरपुर थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा,समाजसेवी रंजय कुमारपप्पू सिंह,सतीश मुखिया व शफीरुद्दीन समेत अनुमंडल क्षेत्र के सभी बीडीओ व सीओ के साथ थानाध्यक्ष मौजूद रहे. सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय स्थापित कर त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने का दृढ़ संकल्प दोहराया.
एसडीएम ने दिया निर्देश अनुज्ञप्ति और तय नियमों का पालन अनिवार्य
बैठक के दौरान एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने सभी अखाड़ा समितियों और प्रबुद्ध नागरिकों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कड़े शब्दों में हिदायत देते हुए कहा कि मुहर्रम के अवसर पर शत-प्रतिशत अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) लेना अनिवार्य है. सभी समितियां समय से अपनी अनुज्ञप्ति का नवीनीकरण करा लें या नया लाइसेंस प्राप्त कर लें. त्योहार के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी तरह के भड़काऊ गाने बजाने, अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन अत्यंत सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा. सभी पारंपरिक ताजिया जुलूस हर हाल में पूर्व से निर्धारित मार्ग और तय समय पर ही निकाले जाएं तथा समय से उन्हें गंतव्य पर वापस लाया जाए, ताकि सुरक्षा के लिहाज से बंद की जाने वाली बिजली आपूर्ति के कारण आम जनता को अधिक परेशानी न हो. अनुमंडल क्षेत्र में लगभग 300 अनुज्ञप्तिधारी हैं और प्रशासन पूरी चुस्ती व मुस्तैदी के साथ हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.”
परनाडाबर मेला स्थल विवाद की होगी जांच
इस प्रशासनिक बैठक के दौरान वर्षों पुराने पारंपरिक मेले के आयोजन स्थल परनाडाबर को लेकर भी एक गंभीर और संवेदनशील मामला अधिकारियों के समक्ष आया. बैठक में उपस्थित परनाडाबर थाना क्षेत्र के एक बुजुर्ग ग्रामीण ने बताया कि वहां पिछले लगभग 100 वर्षों से अत्यंत शांतिपूर्ण व ऐतिहासिक तरीके से पारंपरिक मेले का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को सूचित किया कि मेला जिस जमीन पर आयोजित होता है वह मूल रूप से बिहार सरकार की संपत्ति है, लेकिन हाल ही में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा वहां एक गहरा गड्ढा कर दिया गया है. गड्ढे के कारण आयोजन स्थल पर जगह काफी कम हो गई है, जिससे मेले में भट्टी, चूल्हे और जनरेटर के उपयोग के दौरान आग लगने का बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है. इस विकट समस्या के त्वरित निवारण हेतु पीड़ित पक्ष द्वारा एक लिखित आवेदन सौंपा गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है. यदि वह जमीन सरकारी पाई जाती है, तो गड्ढे को तुरंत दुरुस्त करवाया जाएगा और ऐसा करने वाले उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई होगी. एसडीएम और एसडीपीओ ने तत्काल अधीनस्थ अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे कल ही विवादित स्थल का मौका-मुआयना कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट सौंपें.
रूट चार्ट में नहीं होगा बदलाव, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसडीपीओ गुलशन कुमार ने भी कड़े लहजे में अधिकारियों और पूजा समितियों को निर्देशित किया. उन्होंने प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मुहर्रम के जुलूस के लिए पूर्व से निर्धारित रूट चार्ट में किसी भी परिस्थिति में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. इसके अतिरिक्त जिस सड़क से भी जुलूस गुजरेगा, उसे पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करने का सख्त निर्देश संबंधित थानों और अंचलाधिकारियों को दिया गया है ताकि भीड़ नियंत्रण में कोई समस्या न आए. इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने की बात कहते हुए अधिकारियों ने समाज के अभिभावकों से विशेष अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें. इंटरनेट पर बेवजह की वीडियो रील बनाने वाले और इसके माध्यम से दूसरे धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शरारती तत्वों को चिन्हित कर सीधे जेल भेजा जाएगा. त्योहार के दौरान शांति भंग करने की हर कोशिश को नाकाम करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शराबबंदी कानून को लेकर सघन छापेमारी अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया है.
