Nawada News (मेसकौर प्रखंड से प्रेम कुमार की रिपोर्ट)
राज्य बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड स्थित पीएमश्री इंटर विद्यालय केशोराम, बीजूबीघा के संचालन एवं शैक्षणिक गतिविधियों का अनुश्रवण और निरीक्षण शिक्षा विभाग के एमडीएम निदेशक विनायक मिश्रा ने किया. केंद्र सरकार के निर्देशों के आलोक में गठित राज्य स्तरीय टीम ने विद्यालय में पीएमश्री योजना के तहत संचालित गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की.
पीएमश्री योजना के कार्यों की हुई गहन समीक्षा
निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्यालय में संचालित पीएमश्री योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं, योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया. विद्यालय की आधारभूत संरचना, शैक्षणिक व्यवस्था तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जांच की गई. टीम ने विद्यालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की.
स्मार्ट क्लास, सीसीटीवी और आधारभूत संरचना का लिया जायजा
राज्य स्तरीय टीम ने विद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण, भवनों की स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, स्मार्ट कक्षाओं, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया. साथ ही विद्यालय के अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं से संबंधित आंकड़े एकत्र किए और उनके अद्यतन एवं उन्नयन को लेकर आवश्यक सुझाव दिए.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्यालय प्रशासन से पीएमश्री योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा प्रभावी संचालन को लेकर कई दिशा-निर्देश दिए. टीम ने कहा कि केंद्र सरकार की पीएमश्री योजना का उद्देश्य विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तथा तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है. निरीक्षण के दौरान टीम ने कई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया.
मौके पर डीपीओ वर्षा रानी, बीईओ संजय जायसवाल, वरिय शिक्षक मुकेश कुमार, महावीर चौधरी, आईसीटी शिक्षक सोनू कुमार, लिपिक छोटेलाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
Also Read: नवादा के रजौली में फर्जी ई-चालान का भंडाफोड़, पत्थर लदे दो ट्रक जब्त; चालक भेजे गए जेल
