Nawada News (उदय कुमार भारती): नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत हिसुआ-नवादा मुख्य पथ (एसएच-08) पर सोमवार, 1 जून को एक बेहद दर्दनाक और रूह कपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां उड़सा और बलियारी गांव के बीच मुख्य सड़क पर एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की भारी वाहन से कुचली हुई लाश बरामद की गई है. अज्ञात वाहन द्वारा रौंदे जाने के कारण मृतक का सिर सहित पूरा शरीर बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था, जिससे उसकी तत्काल पहचान कर पाना नामुमकिन साबित हो रहा था. इस वीभत्स घटना के बाद से स्थानीय मार्ग पर राहगीरों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और इलाके में सनसनी फैल गई.
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने टीम के साथ उठाया शव, आस-पास के गांवों में नहीं हो सकी शिनाख्त
सड़क पर शत-विक्षत शव पड़े होने की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत हिसुआ थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही हिसुआ के थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल और सब-इंस्पेक्टर्स (SI) की टीम के साथ अविलंब घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने क्षत-विक्षत हो चुके शव को बेहद सावधानी से सड़क से उठवाने का कार्य किया.
दुर्घटनास्थल पर जमा राहगीरों की भीड़, स्थानीय दुकानदारों और आस-पास के इलाकों के लोगों से मृतक के हुलिए को लेकर गहन पूछताछ की गयी, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद शुरुआती चरण में लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी.
72 घंटों तक सुरक्षित रखा जाएगा शव, आम लोगों से पहचान की अपील
मौके पर पहुंचे स्थानीय उपप्रमुख पुकार सिंह सहित कई प्रबुद्ध नागरिकों ने शव को देखने के बाद बताया कि मृतक का चेहरा पूरी तरह कुचल जाने से पहचान करना असंभव हो रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, मृतक हुलिए से उड़सा, बलियारी, धनवा, नंदलाल बिगहा, केशोपुर, धमौल सहित आस-पास के किसी भी नजदीकी गांव का प्रतीत नहीं हो रहा है. ऐसा अंदेशा है कि व्यक्ति कहीं दूर का रहने वाला था जो रात या अहले सुबह हाईवे पार कर रहा होगा. मामले की पुष्टि करते हुए हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद क्षत-विक्षत शव को एम्बुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि कानूनी नियमानुसार अज्ञात शव को पहचान और शिनाख्त के लिए अगले 72 घंटों तक सदर अस्पताल के शवगृह (मर्च्युरी) में सुरक्षित रखा जाएगा. पुलिस आस-पास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान कर रही है तथा आम लोगों व सोशल मीडिया की मदद से मृतक की पहचान करने की पूरी कोशिश में जुटी है.
Also Read: भागलपुर से मुंगेर तक 3 साल में तैयार होगा मरीन ड्राइव, 22 हजार एकड़ में बनेगा नया टाउनशिप
