Nawada News (आशुतोष कुमार) : जिले में अपराध और अव्यवस्था के खिलाफ नवादा पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति ने साफ संकेत दिया है कि अब अपराधियों के लिए जिले में सांस लेना भी आसान नहीं रह गया है. बीते 24 घंटे के भीतर जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 25 आरोपितों को गिरफ्तार कर कानून का कड़ा संदेश दिया है.
आक्रामक रही पुलिस की कार्रवाई
गिरफ्तार किए गए लोगों में हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त 10 आरोपी शामिल हैं. वहीं पॉक्सो एक्ट के तहत एक तथा एससी-एसटी एक्ट में भी एक गिरफ्तारी दर्ज की गई है. इसके अतिरिक्त मद्यनिषेध कानून के तहत तीन लोगों को दबोचा गया, जबकि अन्य मामलों में 10 आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े. हालांकि इस दौरान शराब बरामदगी, वारंट और कुर्की निष्पादन का आंकड़ा शून्य रहा, लेकिन सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस की कार्रवाई बेहद आक्रामक दिखाई दी.
चेकिंग पॉइंट्स लगाकर चला वाहन जांच अभियान
जिले के विभिन्न चेकिंग प्वाइंट पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 425 वाहनों की सघन जांच की गई. जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों पर आर्थिक चोट करते हुए पुलिस ने 1 लाख 54 हजार 840 रुपये का जुर्माना वसूला. हेलमेट, कागजात, सीट बेल्ट और अन्य मानकों की जांच को लेकर कई वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई.
पुलिस सक्रियता से अपराधियों के बीच बेचैनी
पुलिस महकमे का दावा है कि अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर यह अभियान आगे भी और अधिक तीखे अंदाज में जारी रहेगा. जिले में लगातार बढ़ती पुलिस सक्रियता ने अपराधियों के बीच बेचैनी और आम लोगों के बीच भरोसे का माहौल पैदा किया है.
Also Read : Saran News : जिला अंडर-15 शतरंज प्रतियोगिता में अंबर श्रीवास्तव एवं एंजेल बने विजेता
