नवादा में पुश्तैनी जमीन के लिए सगे भाई ने लाठी-डंडों से हमला कर फोड़ा सिर; बीच-बचाव करने आई भाभी को भी पीटा

Sadar Hospital Sasaram Model Hospital News: सासाराम सदर अस्पताल परिसर में 55 करोड़ की लागत से बने मॉडल अस्पताल में आधुनिक आईसीयू और 12 बेड का डायलिसिस वार्ड तैयार हो गया है. सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने सुविधाओं की पुष्टि की है, लेकिन तकनीशियनों की कमी से 30 जून तक सेवा शुरू होने पर संशय है. पढ़ें रिपोर्ट.

Nawada Land Dispute News (कुमार मनीष देव): नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से पारिवारिक रिश्तों को पूरी तरह तार-तार करने वाली और कानून को सरेआम ठेंगा दिखाने वाली वारदात सामने आई है. रजौली थाना क्षेत्र के सवैयाटांड़ अंतर्गत झलकडीहा गांव में पुश्तैनी जमीन के एक छोटे से टुकड़े के लिए भाई ने भाई के खून का प्यासा बनकर जानलेवा हमला कर दिया. इस खूनी संघर्ष में 60 वर्षीय मोहम्मद रमजान का सिर फट गया है, जबकि उन्हें बचाने आई उनकी बेबस पत्नी को भी लाठी-डंडों से इस कदर बेरहमी से पीटा गया कि वह अस्पताल के बेड पर बार-बार बेहोश हो रही हैं. घटना के बाद लहूलुहान पीड़ित परिवार इंसाफ की गुहार लेकर थाने की चौखट पर पहुंचा है.

जमीन हड़पने की नीयत

पीड़ित मोहम्मद रमजान और अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की जड़ एक कीमती पुश्तैनी जमीन का हिस्सा है. आरोपी भाई मोहम्मद रोजन पहले ही अपने हिस्से की जमीन पर एक पक्का मकान बना चुका है, लेकिन उसकी नीयत अब मोहम्मद रमजान के हिस्से की जमीन पर भी अवैध रूप से कब्जा करने की थी. गुरुवार की शाम करीब 4:00 बजे जब रोजन अपने साथियों के साथ मिलकर जबरन निर्माण कार्य कराने लगा, तो पीड़ित रमजान ने इसका कड़ा विरोध किया. बस इसी बात पर आरोपी ने अपने पूरे कुनबे के साथ मिलकर हमला बोल दिया.

अस्पताल में मची चीख-पुकार

जब मोहम्मद रमजान ने अवैध निर्माण रोकने के लिए हाथ फैलाए, तो आरोपी मोहम्मद रोजन, मुस्कान खातून, सफिक मियां, रफीक मियां, तौफीक मियां और सरफराज मियां ने लाठी-डंडों और लोहे के रॉड से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. रमजान का सिर सरेआम फाड़ दिया गया और वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े. पति को मरणासन्न हालत में देख जब उनकी पत्नी चीखते हुए बीच-बचाव करने दौड़ीं, तो देवर और उसके साथियों ने उन्हें भी जमीन पर पटक कर बेरहमी से पीट दिया. दोनों को गंभीर हालत में स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस का बड़ा हंटर

वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. वे काफी देर तक पीड़ित के घर के बाहर खड़े होकर पूरे परिवार को भद्दी-भद्दी गालियां देते रहे और दोबारा कोर्ट या पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की खुली धमकी देकर फरार हो गए.

इस बर्बर घटना के बाद रजौली के थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस ने पीड़ित मोहम्मद रमजान का लिखित आवेदन स्वीकार करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद रोजन सहित छह नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को उचित न्याय और सुरक्षा का पूरा भरोसा देते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और बहुत जल्द पुलिस की टीम झलकडीहा गांव में दबिश देकर सभी फरार हमलावरों को दबोचकर सलाखों के पीछे भेजेगी. इस खूनी खेल के बाद गांव में तनाव का माहौल देखा जा रहा है.

Also Read: गया जी में सिपाही से साइबर ठगी, डॉक्टर के यहां नंबर लगाने के नाम पर खाते से उड़ाए 1.89 लाख रुपये

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >