Nawada News : जिले के पकरीबरावां प्रखंड के धरहरा गांव निवासी अभिषेक रंजन ने समाजशास्त्र विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है. बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी) द्वारा घोषित परिणाम में उन्होंने 30वां स्थान प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिजनों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
सैनिक स्कूल तिलैया से शुरू हुई सफलता की यात्रा
अभिषेक रंजन, धरहरा निवासी विपिन प्रसाद और संजू देवी के पुत्र हैं. वर्तमान में उनका परिवार नवादा शहर के लाइन पार, मिर्जापुर में निवास करता है. अभिषेक ने अपनी प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल तिलैया से प्राप्त की. वर्तमान में वह वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के समाजशास्त्र विभाग से पीएचडी कर रहे हैं.
अनुशासन और मेहनत से हासिल की सफलता
अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय सैनिक स्कूल से मिली अनुशासित शिक्षा, निरंतर मेहनत, माता-पिता के मार्गदर्शन और अपने गुरुओं के सहयोग को दिया है. उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
क्षेत्र में खुशी की लहर, लोगों ने दी शुभकामनाएं
अभिषेक रंजन के असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित होने की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. शिक्षकों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
