नवादा का 'गूगल मैन', एक बार नाम बताइए और सुनिए अधिकारियों की पूरी जानकारी

Nawada News : नवादा के 45 वर्षीय नवलेश प्रसाद बिना किसी डायरी के बिहार के सभी वीआईपी अधिकारियों की पूरी प्रोफाइल और मोबाइल नंबर जुबानी याद रखते हैं. जानें उनकी कहानी.

Nawada News : बिहार के नवादा जिले में एक ऐसा शख्स है, जिसे लोग 'गूगल मैन' के नाम से जानते हैं. दावा किया जाता है कि वह राज्य के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी का नाम सुनते ही उनके बारे में कई जानकारियां तुरंत बता देता है. उसकी याददाश्त और जानकारी सुनकर लोग हैरान रह जाते हैं.

नाम लेते ही बता देते हैं पूरी प्रोफाइल

हिसुआ थाना क्षेत्र के बजरा गांव निवासी जयराम सिंह के 45 वर्षीय पुत्र नवलेश प्रसाद अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति के कारण इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं. शिक्षा के नाम पर वे केवल मैट्रिक पास हैं, लेकिन उनकी याददाश्त लोगों को चौंका देती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिहार के किसी भी जिले के डीएम, एसपी, डीआईजी या आईजी का नाम लिया जाए, तो नवलेश प्रसाद तुरंत उनका बैच, पदस्थापन से जुड़ी जानकारी और अन्य विवरण बता देते हैं. इसी वजह से लोग उन्हें 'गूगल मैन' कहकर पुकारते हैं.

बिना डायरी और किताब के याद है ढेरों जानकारियां

खास बात यह है कि नवलेश प्रसाद के पास न कोई डायरी है और न ही किसी प्रकार की नोटबुक. इसके बावजूद वे बड़ी संख्या में अधिकारियों और महत्वपूर्ण व्यक्तियों से जुड़ी जानकारियां स्मरण रखते हैं. लोगों का कहना है कि उनकी स्मरण शक्ति असाधारण है.

थानाध्यक्ष भी हो चुके हैं प्रभावित

नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि उन्होंने भी नवलेश प्रसाद की याददाश्त की जांच के लिए कई लोगों के बारे में जानकारी पूछी थी. उन्होंने कहा कि नवलेश ने बिना किसी देरी के संबंधित जानकारियां बता दीं, जिसे देखकर वे भी आश्चर्यचकित रह गए.

क्या कहते हैं 'गूगल मैन'

जब नवलेश प्रसाद से उनकी असाधारण स्मरण शक्ति का राज पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि यदि किसी जानकारी को एक बार ध्यान से पढ़ या सुन लेते हैं, तो वह हमेशा के लिए उनके जेहन में बस जाती है. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में ईश्वर ने अलग-अलग प्रकार की प्रतिभा दी है और उनकी रुचि जानकारी याद रखने में है. इसी कारण वे लगातार नई-नई जानकारियां याद करते रहते हैं.

Also Read : झारखंड के दंपती ने औरंगाबाद में बालिका को लिया गोद, डीएम की मौजूदगी में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >