Nawada News: अकबरपुर क्षेत्र में रविवार को हुई तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान एक घर की ध्वजा पर वज्रपात होने से अफरा-तफरी मच गई. घटना में घर के पास मौजूद एक महिला झुलस गई. घायल महिला का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
मुखिया प्रतिनिधि ब्रह्मचारी प्रसाद ने बताया कि बबलु माहतो के घर की छत पर लगी ध्वजा पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग सहम गए. वज्रपात के प्रभाव से बबलु माहतो की पत्नी झुलस गई और उन्हें चक्कर आने लगे.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल महिला को इलाज के लिए अकबरपुर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.
घटना के बाद दहशत का माहौल
वज्रपात की घटना के बाद परिवार के सदस्यों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों ने बारिश और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
