नवादा के इंजीनियरिंग कॉलेज में विधिक जागरूकता और साइबर सुरक्षा पर विशेष कार्यक्रम

Nawada News : जीईसी नवादा में इंजीनियरिंग छात्रों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, साइबर सुरक्षा और कानून के महत्व पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।

Nawada News : इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष में नव नामांकित विद्यार्थियों के लिए चलाए जा रहे इंडक्शन प्रोग्राम के तहत विधिक जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्राचार्य डॉ. रौशन कुमार की पहल पर किया गया. इसमें विद्यार्थियों को कानून, साइबर अपराध और डिजिटल तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई.

तकनीकी ज्ञान के साथ कानून की जानकारी भी जरूरी

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (सीएनएलयू), पटना के विधि छात्र मनीष रंजन रहे. उन्होंने विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण कानूनी एवं तकनीकी जानकारियां दीं. प्राचार्य डॉ. रौशन कुमार ने कहा कि आज के समय में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को देश के कानूनों की जानकारी भी होनी चाहिए. कानून की जानकारी विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और नैतिक नागरिक बनने में सहायता करती है.

साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके

मुख्य वक्ता मनीष रंजन ने इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को सरल भाषा में कानून के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी नहीं होना किसी के लिए बहाना नहीं हो सकता. विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और डिजिटल निजता से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया. उन्होंने बौद्धिक संपदा अधिकार के तहत कॉपीराइट, पेटेंट एवं ट्रेडमार्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नई तकनीकों से जुड़े कानूनी पहलुओं की भी जानकारी दी. इसके अलावा ड्रोन संचालन के नियम, आपराधिक कानून की मूल बातें, ऑनलाइन गेमिंग, सॉफ्टवेयर चोरी, हैकिंग तथा इंजीनियरिंग एवं तकनीकी क्षेत्र में कानून की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई.

वास्तविक उदाहरणों से समझाए कानूनी पहलू

मनीष रंजन ने विद्यार्थियों को विभिन्न वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि तकनीक का इस्तेमाल करते समय कानूनी सीमाओं का पालन करना क्यों आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कानूनी अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे. मुख्य वक्ता ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उनके सवालों का जवाब दिया. कार्यक्रम में कॉलेज की सभी शाखाओं और विभिन्न वर्षों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया.

निःशुल्क विधिक सलाह भी देता है लीगल एड सेल

मनीष रंजन ने बताया कि चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का लीगल एड सेल समाज के विभिन्न वर्गों में विधिक जागरूकता फैलाने के साथ-साथ निःशुल्क विधिक सलाह भी प्रदान करता है. इसी उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, ताकि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थी अपने कानूनी अधिकारों और दायित्वों के प्रति भी जागरूक हो सकें.

कानून का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के समन्वयक एवं इंडक्शन प्रोग्राम के इंचार्ज शुभेंदु अमित ने कहा कि भारतीय विधि व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक से कानून का पालन करने की अपेक्षा की जाती है. इसलिए हर व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी अवश्य होनी चाहिए. इससे व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ समाज के अन्य लोगों की भी सहायता कर सकता है.

Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >