Nawada News : नवादा में वीआईपी कॉलोनी, लेकिन सुविधाओं के मामले में हालात इसके बिल्कुल उलट हैं. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 3 स्थित वीआईपी कॉलोनी में वर्षों से रह रहे लोगों को आज भी सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं नसीब नहीं हुई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि नए-नए मकानों का निर्माण तो हो गया, लेकिन जलनिकासी और आवागमन की व्यवस्था अब तक नहीं बन सकी है.
सुविधाओं के अभाव में बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी में नाली नहीं होने से जलनिकासी की समस्या बनी रहती है, जबकि सड़क नहीं होने से आवागमन में काफी दिक्कत होती है. नगर परिषद को नियमित रूप से टैक्स और अन्य शुल्क देने के बावजूद मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है.
कई बार की शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान
श्रवण कुमार, शत्रुघ्न कुमार, धर्म प्रकाश, अनिल कुमार समेत अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर कई बार वार्ड पार्षद और नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है.
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने दिया आश्वासन
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दीपक कुमार ने बताया कि पिछले आठ महीने से सरकारी योजनाएं बंद थीं. उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में है और स्थानीय लोगों से विचार-विमर्श कर प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क, नाली सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
