नवादा: काशीचक में राशन कार्ड निर्माण अभियान को मिलेगी रफ्तार, 1,500 नए कार्ड बनाने का लक्ष्य डीलरों को मिली अहम जिम्मेदारी

नवादा में पात्र परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है. काशीचक प्रखंड में 1,500 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

Nawada News: प्रखंड क्षेत्र के पात्र वंचित परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से काशीचक प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गुंजन भारती ने की. बैठक में आगामी विशेष अभियान के तहत प्रखंड में 1,500 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया गया.

गांव-गांव विशेष जागरूकता अभियान चलाकर होगी लाभुकों की पहचान

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड के अभाव में खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रहे. इसके लिए गांव-गांव विशेष जागरूकता अभियान चलाकर ऐसे सभी पात्र परिवारों की पहचान की जाएगी, जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है. उन्होंने सभी पीडीएस विक्रेताओं को अपने-अपने पंचायत एवं पोषक क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त करने तथा उन्हें राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया.

नवादा जिले में कुल 72,450 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि नवादा जिले में कुल 72,450 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. विभागीय लक्ष्य के अनुरूप जिले में प्रतिदिन 2,415 नए आवेदन प्राप्त करने की कार्ययोजना तैयार की गई है. इस लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पंचायत सचिव, टोला सेवक एवं विकास मित्र भी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा पात्र लाभुकों की पहचान कर उनका आवेदन भरवाने में सहयोग करेंगे. बैठक में पीडीएस विक्रेता रामाशंकर शर्मा सहित प्रखंड के अन्य जन वितरण प्रणाली दुकानदार मुख्य रूप से उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashutosh kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >