नवादा: कुरकुरे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 1317 लीटर विदेशी शराब जब्त, धनबाद से पटना ले जाई जा रही थी खेप टाइटल

उत्पाद विभाग की टीम ने नवादा के गोविंदपुर में एक पिकअप बोलेरो से 1,317 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. शराब को कुरकुरे चिप्स की बोरियों के नीचे छिपाया गया था. धनबाद से पटना ले जाई जा रही इस खेप के मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.

Nawada News: गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गोविंदपुर जांच चौकी के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप बोलेरो से 1,317.600 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. तस्कर शराब की खेप को वाहन के ऊपरी हिस्से में कुरकुरे चिप्स की बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जा रहा था. मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.

कुरकुरे की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी शराब

उत्पाद विभाग के एसआई अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक वाहन के माध्यम से विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है. सूचना के आधार पर एएसआई दिलीप कुमार एवं अन्य उत्पाद कर्मियों के साथ जांच चौकी के समीप वाहन संख्या BR01BB-3366 को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान वाहन के ऊपर कुरकुरे चिप्स की बोरियां रखी मिलीं, जबकि उनके नीचे विदेशी शराब की खेप छिपाकर रखी गई थी. शराब बरामद होते ही चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.

150 कार्टन में मिली 5,760 बोतल विदेशी शराब

गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के कर्माटांड़ निवासी अजीत महतो के रूप में हुई है. बरामद शराब में ओल्ड हैबिट कंपनी की 180 एमएल की 90 कार्टन में 4,320 बोतल, जिसकी कुल मात्रा 777.600 लीटर, तथा 375 एमएल की 60 कार्टन में 1,440 बोतल, जिसकी कुल मात्रा 540 लीटर शामिल है. इस प्रकार कुल 150 कार्टन में 5,760 बोतल यानी 1,317.600 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई.

धनबाद से पटना ले जाई जा रही थी खेप

पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि वह शराब की खेप धनबाद से पटना लेकर जा रहा था. जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.

मुख्य तस्कर की तलाश में जुटा उत्पाद विभाग

उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार चालक के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की इस खेप का मुख्य तस्कर कौन है और इसे किसके पास पहुंचाया जाना था.

इसे भी पढ़ें:  किस्तों में टूट रही है प्रशांत किशोर की पार्टी, बांकीपुर उपचुनाव से पहले जन सुराज के तीन और नेता बीजेपी में शामिल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Javed najaf

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >