नवादा शहर के विजय बाजार स्थित टाउन हॉल परिसर में बनाए जा रहे पर्यावरण, वन एवं जलवायु विभाग के प्रस्तावित 'हरित वाटिका पार्क' के नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है. एक प्रधानाध्यापक ने इसे भाषाई दृष्टि से पुनरुक्ति दोष बताते हुए नाम बदलने की मांग की है.
'हरित वाटिका पार्क' नाम पर जताई आपत्ति
जानकारी अनुसार नवादा शहर के विजय बाजार स्थित टाउन हॉल परिसर में पर्यावरण, वन एवं जलवायु विभाग की ओर से 'हरित वाटिका पार्क' विकसित किया जा रहा है. इसी नाम को लेकर प्रधानाध्यापक डॉ. गोपाल प्रसाद निर्दोष ने जिला प्रशासन और वन विभाग का ध्यान आकर्षित कराया है.
डीएम और वन विभाग को भेजा पत्र
प्रधानाध्यापक डॉ. गोपाल प्रसाद निर्दोष ने जिलाधिकारी और वन विभाग के अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा है कि 'वाटिका' और 'पार्क' दोनों शब्दों का अर्थ उद्यान, बगीचा, उपवन और फुलवारी होता है. ऐसे में दोनों शब्दों का एक साथ प्रयोग भाषाई दृष्टि से पुनरुक्ति दोष उत्पन्न करता है.
नाम बदलने का दिया सुझाव
डॉ. गोपाल प्रसाद निर्दोष ने आग्रह किया है कि प्रस्तावित स्थल का नाम 'हरित वाटिका पार्क' के बजाय 'हरित वाटिका', 'हरित पार्क' या 'ग्रीन पार्क' रखा जाए. उनका कहना है कि इससे नाम अधिक सटीक और भाषाई रूप से उपयुक्त होगा.
प्रशासन से निर्णय की उम्मीद
पत्र के माध्यम से जिला प्रशासन और वन विभाग से इस सुझाव पर विचार करने का अनुरोध किया गया है. फिलहाल इस संबंध में प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Also Read : नवादा में NH-20 पर पिकअप वैन और कार की आमने-सामने टक्कर, दोनों वाहनों के उड़े परखच्चे
