Nawada News : हिसुआ नगर पर्षद के पांचू संगत के पुजारी एवं महंत अर्जुन दास उर्फ मुन्ना कुमार की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर बिहार सिख फेडरेशन, पटना साहिब का प्रतिनिधिमंडल पांचू संगत, हिसुआ पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.
बस से उतरने के दौरान हुए थे दुर्घटनाग्रस्त
बताया गया कि अर्जुन दास 14 अगस्त को हिसुआ में बस से उतरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे. गंभीर स्थिति में उन्हें इलाज के लिए पहले गया और फिर पटना ले जाया गया था. इलाज के दौरान 17 अगस्त को उनकी मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, उनकी हालत में सुधार हो रहा था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई.
फेडरेशन ने परिवार को हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
फेडरेशन के संस्थापक त्रिलोक सिंह निषाद के नेतृत्व में प्रदेश कोषाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी रंजीत सिंह, संत सिंह और नीरज सिंह सहित अन्य सदस्य पांचू संगत पहुंचे. फेडरेशन के सदस्यों ने कहा कि अर्जुन दास की मौत से पूरे फेडरेशन में शोक की लहर है. गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह और महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह समेत अन्य सदस्यों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि फेडरेशन दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ है और हरसंभव मदद का प्रयास किया जाएगा.
Also Read : जनसुनवाई में 14 परिवादों पर हुई सुनवाई, कई मामलों का मौके पर किया गया निष्पादन
28 अगस्त को होगा भंडारा, मंगलवार से शुरू होगी तैयारी
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 28 अगस्त को पांचू संगत में भंडारा आयोजित किया जाएगा. इसमें गुरुद्वारा पटना साहिब प्रबंधन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा. संगत परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी मंगलवार से शुरू कर दी जाएगी. पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार श्राद्ध संस्कार संपन्न कराया जाएगा. भंडारा और श्राद्ध कार्यक्रम में पटना, राजगीर सहित अन्य स्थानों से अधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल होंगे.
व्यवस्था को लेकर संगत में तैयारियां शुरू
इस अवसर पर अशोक चौधरी, देवेंद्र विश्वकर्मा, धनंजय कुमार, प्रवीण कुमार उर्फ मतलू, श्रवण कुमार, गोलू कुमार, रंजीत कुमार, संदीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
Also Read : धान की अच्छी फसल और पर्याप्त बारिश की कामना को लेकर अखंड पूजा का समापन, बारिश से ग्रामीणों में खुशी
