Nawada News : गोविंदपुर प्रखंड के थाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरिऔना गांव में अज्ञात चोरों ने एक साथ चार बंद घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी. चोर घरों के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व बक्सों को खंगालकर नगदी समेत लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
चार बंद घरों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, कोरिऔना गांव निवासी अभिषेक कुमार, पिता स्व. महेश प्रसाद, उषा देवी, पति स्व. श्यामसुंदर पांडेय, अजय पांडेय, पिता स्व. बालमुकुंद पांडेय तथा मुकेश पांडेय, पिता स्व. भागीरथ पांडेय के बंद घरों में चोरी हुई है. चोरों ने सभी घरों के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले भी तोड़ दिये. इसके बाद चोर नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गये.
अभिषेक के घर से पांच भर सोने के जेवरात और 46 हजार रुपये चोरी
गृहस्वामी अभिषेक कुमार ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य नवादा में रहते हैं. शनिवार की शाम करीब सात बजे जब वे कोरिऔना स्थित अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर जाने पर अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे मिले, जबकि सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. उन्होंने बताया कि अलमारी में रखे करीब पांच भर सोने के जेवरात और 46 हजार रुपये नगद गायब थे. आशंका है कि चोरों ने घर में काफी देर तक रुककर एक-एक सामान को खंगाला और कीमती सामान समेटकर फरार हुए. वहीं, उषा देवी, अजय पांडेय और मुकेश पांडेय के बंद घरों से भी सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आयी है. तीनों गृहस्वामी भी अपने पूरे परिवार के साथ बाहर रहते हैं.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद गृहस्वामियों ने थाली थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घरों का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है.
Also Read : बेगूसराय में राष्ट्रव्यापी पदयात्रा को लेकर भाकपा की बैठक, 1 सितंबर की बदलाव रैली पर चर्चा
ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने की मांग की
एक ही रात में चार बंद घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद कोरिऔना गांव के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है. गृहस्वामियों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी की घटना का उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
Also Read : गंगा के बढ़ते जलस्तर से बेगूसराय में दहशत, निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी
एक सप्ताह में चोरी की दूसरी बड़ी घटना
गौरतलब है कि गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में महज एक सप्ताह के अंदर चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है. करीब चार दिन पहले गोविंदपुर बाजार में भी चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. अब कोरिऔना गांव में एक साथ चार बंद घरों में चोरी की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत है और लोग अपने घरों व दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.
Also Read : बेगूसराय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर संकुल स्तरीय कार्यशाला, शिक्षकों ने रखे विचार
