Nawada News : नवादा. पकरीबरावां प्रखंड के धमौल पंचायत अंतर्गत भोजपुर टोला वार्ड संख्या-1 में पूर्व विधायक मद से करीब 10 दिसंबर को लगाया गया पहाड़ी चापाकल गाड़े जाने के बाद से ही खराब पड़ा है. ग्रामीणों का कहना है कि चापाकल लगने के बाद आज तक इससे एक बूंद पानी भी नहीं निकला है. इससे स्थानीय गोलू कुमार, महेंद्र यादव, बबलू यादव, सतीश, विक्की, पियूष सहित कई ग्रामीणों में नाराजगी है.
पेयजल संकट दूर होने की जगी थी उम्मीद
ग्रामीणों के अनुसार वार्ड में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी. कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मांग किये जाने के बाद चापाकल लगाया गया था. चापाकल लगने से लोगों को पेयजल संकट दूर होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन इससे पानी नहीं निकलने के कारण ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फिर गया.
Also Read : नवादा में भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैठक, नौ मामलों की हुई समीक्षा
बिना जांच के चापाकल लगाने का आरोप
स्थानीय लोगों ने चापाकल लगाने में ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि बोरिंग की गहराई और जलस्तर की समुचित जांच किये बिना चापाकल गाड़ दिया गया. नतीजतन, चापाकल शुरू होने से पहले ही बेकार साबित हो गया. ग्रामीणों ने योजना के क्रियान्वयन की जांच कराने की मांग की है.
जांच और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से चापाकल निर्माण की जांच कराने, दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई करने तथा खराब चापाकल को अविलंब दुरुस्त कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि वर्तमान स्थान पर पानी उपलब्ध नहीं हो सकता है, तो तकनीकी जांच के बाद उपयुक्त स्थान पर नये सिरे से चापाकल लगाया जाए. इससे वार्डवासियों को पेयजल की सुविधा मिल सकेगी.
