नवादा में एनएच-20 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रशासन सख्त, विशेष अभियान में 27,500 रुपये जुर्माना वसूला

Nawada News : नवादा में एनएच 20 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। 13 वाहनों से 27,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जानें पूरी खबर।

Nawada News : शहर में जाम की समस्या और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर सोमवार को एनएच-20 और उससे जुड़े सर्विस रोड पर अवैध वाहन पार्किंग एवं अनियमित वाहन परिचालन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने किया.

बस, ट्रक और व्यावसायिक वाहनों की हुई सघन जांच

अभियान के दौरान सद्भावना चौक सहित विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर बसों, ट्रकों और अन्य व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच की गई. इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अभियंता भी मौजूद रहे. टीम ने एनएच-20, सर्विस रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग का भी निरीक्षण किया. परिवहन विभाग की टीम ने बस, टेंपो और टोटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क किनारे अवैध पार्किंग नहीं करने तथा केवल निर्धारित बस पड़ाव से ही वाहन परिचालन करने का निर्देश दिया.

13 वाहनों से वसूला गया 27,500 रुपये जुर्माना

कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने आठ वाहनों के विरुद्ध शमन की कार्रवाई करते हुए 19 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. वहीं, संयुक्त जांच टीम ने कुल 13 वाहनों से 27 हजार 500 रुपये की शमन राशि वसूल की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

अवैध बस पार्किंग पर भी प्रशासन की कार्रवाई

अभियान के दौरान शहीद भगत सिंह चौक के समीप जिला परिषद की खाली पड़ी भूमि पर संचालित अवैध बस पार्किंग पर भी कार्रवाई की गई. यहां नियमों के विरुद्ध बसों का परिचालन पाए जाने पर दो वाहनों से शमन राशि वसूली गई. साथ ही बस संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में सभी बसों की पार्किंग और परिचालन केवल अधिकृत बस पड़ाव से ही किया जाए.

अगस्त भर चलेगा विशेष अभियान

जिला प्रशासन ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा. डीएम के निर्देशानुसार पूरे अगस्त माह में एनएच-20 एवं सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनियमित वाहन परिचालन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत 5 से 11 अगस्त तक मस्तानगंज से खरांट मोड़, 17 से 20 अगस्त तक रामदेव मोड़ से मस्तानगंज तथा 22 से 25 अगस्त तक हरदिया से रामदेव मोड़ के बीच सघन जांच अभियान चलाया जाएगा. अभियान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है.

सड़क सुरक्षा और जाम से राहत है अभियान का उद्देश्य

जिला प्रशासन का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, शहर में जाम की समस्या को कम करना तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >