Nawada News: जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार नियोजन कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है. सदर अस्पताल नवादा सहित जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन से जुड़ी सभी सेवाएं, परामर्श, अस्थायी गर्भनिरोधक साधन और शल्य चिकित्सा (बंध्याकरण) पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं. विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष 'परिवार नियोजन पखवाड़ा' आयोजित कर आम जनमानस को जागरूक किया जा रहा है.
आंकड़ों में प्रगति: चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 349 महिलाओं का बंध्याकरण
सदर अस्पताल नवादा के ओटी (OT) इंचार्ज प्रशांत सिंह द्वारा साझा किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में सदर अस्पताल में कुल 1026 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया था, जबकि इसके मुकाबले मात्र 4 पुरुषों ने नसबंदी कराई. वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत अप्रैल से लेकर 31 अगस्त 2026 तक कुल 349 महिलाओं का सफल बंध्याकरण किया जा चुका है.
वर्ष 2026 (अप्रैल से अगस्त) माहवार बंध्याकरण के आंकड़े:
- अप्रैल 2026: 38
- मई 2026: 49
- जून 2026: 28
- जुलाई 2026: 128
- अगस्त 2026: 106
- कुल योग: 349
ओटी इंचार्ज ने बताया कि सदर अस्पताल एवं सभी प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार से शनिवार तक नियमित रूप से बंध्याकरण की सुविधा उपलब्ध है.
2166 आशा कार्यकर्ताओं का जमीनी स्तर पर सराहनीय योगदान
जिले में परिवार नियोजन अभियान को सफल बनाने में 2166 आशा कार्यकर्ता रीढ़ की हड्डी साबित हो रही हैं. आशा दीदियां गांव-गांव, घर-घर जाकर योग्य दंपतियों की काउंसलिंग कर रही हैं. वे न केवल छोटे परिवार के लाभ और दो बच्चों के बीच सही अंतर रखने की जानकारी दे रही हैं, बल्कि महिलाओं को निःशुल्क गर्भनिरोधक सामग्री और आवश्यक दवाएं भी उनके घर तक पहुंचा रही हैं.
सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क साधन उपलब्ध: डीआईओ (कोट)
"परिवार नियोजन की सभी सेवाएं और आधुनिक साधन जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं. अनचाहे गर्भ से बचाव और परिवार नियोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से माला-डी, छाया, अंतरा इंजेक्शन, कंडोम और कॉपर-टी के साथ-साथ सुरक्षित बंध्याकरण की निःशुल्क सुविधा दी जा रही है. आम नागरिक अपनी सुविधानुसार नजदीकी अस्पताल या आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं." — डॉ. योगेंद्र कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (DIO), नवादा
