Encounter In Bihar: बिहार में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है. इस बीच एक और अपराधी का एनकाउंटर किया गया. नवादा जिले में रविवार की सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अपराधी के पैर में गोली मारी गई. मामला जिले के रोह थाना इलाके के कोशी गांव के पास का है. फिलहाल, घायल अपराधी का इलाज कराया जा रहा है. पुलिस को अपराधी के पास से देशी कट्टा और कारतूस बरामद होने की भी चर्चा है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
मिली जानकारी के मुताबिक, अपराधी की पहचान टिंकू यादव के रूप में हुई है. टिंकू अशोक मिस्त्री के हत्याकांड में नामजद अभियुक्त था. उसे पुलिस काफी दिनों से ढूंढ रही थी और उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था. गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी, जिला आसूचना इकाई और स्थानीय थाना पुलिस ने एक सुनसान पड़े राइस मिल परिसर की घेराबंदी की, जहां कुछ संदिग्ध अपराधियों के छिपे होने की आशंका थी.
आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम की ओर से सरेंडर की चेतावनी दिए जाने के दौरान बदमाशों की ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक इनामी अपराधी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. टिंकू यादव मूल रूप से जमुई जिले के लछुआड़ का रहने वाला है. वह जिले से जुड़े कई अन्य आपराधिक मामलों में भी नामजद है.
पटना में भी हुआ था एनकाउंटर
इससे पहले पटना में लूटकांड के अपराधी का एनकाउंटर किया गया था. पटना के रामकृष्ण नगर इलाके के एक ज्वेलरी शॉप में 20 लाख की लूट हुई थी. इसी लूटकांड में शामिल अपराधी दिलीप कुमार का एनकाउंटर किया गया था. इसकी पुष्टि पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने की थी.
(नवादा से आशुतोष कुमार की रिपोर्ट)
Also Read: बंगाल चुनाव को लेकर बिहार के इस जिले में बढ़ी निगरानी, अलर्ट मोड में पुलिस
