Nawada News : नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत सोमवार को प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय में युवाओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना था. कार्यक्रम के दौरान संगीत, कविता, गायन, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, भाषण, वाद-विवाद और स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया.
अधिकारियों और शिक्षकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी अपूर्व आदित्य ने की, जबकि संचालन संतोष कुमार वर्मा ने किया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल शाहा, माय भारत के कार्यालय सहायक मनीष कुमार गिरि, स्काउट गाइड के संतु कुमार, गाइड कैप्टन ममता रानी, स्काउट प्रशिक्षक विकास कुमार, मनीष कुमार सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे.
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की हुई घोषणा
कविता प्रतियोगिता में बंटी कुमारी विजेता और पूनम कुमारी उपविजेता रहीं. संगीत प्रतियोगिता में अंजली भारती ने प्रथम तथा खुशी प्रिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. भाषण प्रतियोगिता में कृपा तुलसी विजेता और श्रेया कुमारी उपविजेता रहीं. पेंटिंग प्रतियोगिता में कीर्ति कुमारी प्रथम, प्रिया भारती द्वितीय और लक्ष्मी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं. स्लोगन प्रतियोगिता में कृपा तुलसी ने पहला, खुशी प्रिया ने दूसरा तथा मनसा परवीन ने तीसरा स्थान हासिल किया. वाद-विवाद प्रतियोगिता में उमा कुमारी विजेता, अनन्या कुमारी उपविजेता और शिवम प्रसाद तृतीय स्थान पर रहे. वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में प्रशांत कुमार विजेता बने.
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों का चयन पटना में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय नशामुक्त युवा कार्यक्रम के लिए किया गया है. राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का भी अवसर मिलेगा.
नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया. आयोजकों ने कहा कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
