नवादा में छात्रा के अपहरण की कोशिश नाकाम, खुद को 'मामा' बताकर ले जा रहा था युवक

नवादा में कॉलेज जा रही एक छात्रा को खुद को 'मामा' बताकर एक युवक ने अपहरण करने की कोशिश की. छात्रा की हिम्मत और समझदारी से यह कोशिश नाकाम हो गई. इस घटना ने छात्राओं की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है.

Nawada News : नगर थाना क्षेत्र में कॉलेज जा रही एक छात्रा को खुद को उसका "मामा" बताकर बहला-फुसलाने और साथ ले जाने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है. छात्रा की सूझबूझ और साहस के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई. घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है.

कॉलेज जाते समय रास्ते में रोका, खुद को बताया 'मामा'

थाना में दिए आवेदन के अनुसार 19 वर्षीय निशा कुमारी, पिता दिलीप शर्मा, मूल रूप से धनगांव, पोस्ट बिजुबिगहा, थाना सीतामढ़ी, जिला नवादा की रहने वाली हैं. वर्तमान में वह नवादा शहर के वीआईपी कॉलोनी में रहकर पढ़ाई करती हैं. छात्रा ने बताया कि 20 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे वह पैदल गुरु गोविंद कॉलेज जा रही थी. गांधी इंटर स्कूल से आगे देवी स्थान वाली गली में एक अज्ञात युवक ने उन्हें रोककर खुद को उनका "मामा" बताया और विश्वास में लेने का प्रयास किया.

मां से फोन पर बात कराई, फिर बहला-फुसलाकर ले जाने लगा

आवेदन में कहा गया है कि आरोपी ने छात्रा का मोबाइल लेकर उसकी मां से बात की. जब मां ने उस व्यक्ति को पहचानने से इनकार कर दिया, तो उसने तुरंत कॉल काट दिया. इसके बाद आरोपी छात्रा को बहला-फुसलाकर न्यू एरिया की ओर काफी दूर तक ले गया.

छात्रा ने दिखाई हिम्मत, मोबाइल छीनकर भागी

रास्ते में छात्रा को अपनी सुरक्षा पर खतरे का एहसास हुआ. उसने साहस दिखाते हुए आरोपी के हाथ से अपना मोबाइल छीना और वहां से भाग निकली. छात्रा के भागने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी छात्रा ने परिजनों को दी और इसके बाद नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी की तलाश तेज

पीड़िता ने पुलिस से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान करने तथा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. नगर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है.

दिनदहाड़े घटना से बढ़ी सुरक्षा की चिंता

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद शहर में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >