नवादा में राजकीय डिग्री कॉलेज का सीएम सम्राट ने किया उद्घाटन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बोले- अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा

नवादा के काशीचक प्रखंड में लंबे इंतजार के बाद राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन हुआ। इस नई सुविधा से स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

Nawada Degree College Inauguration : नवादा जिले के काशीचक प्रखंड अंतर्गत रेबरा गांव में लंबे इंतजार के बाद राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन बुधवार को किया गया. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गोराडीह प्रखंड से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कॉलेज का शुभारंभ किया. इस मौके पर स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही.

सभी उपस्थित लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संबोधन सुना. उन्होंने शिक्षा के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.

हजारों छात्रों को मिलेगा लाभ

कॉलेज के शुरू होने से काशीचक और आसपास के ग्रामीण इलाकों के हजारों छात्रों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह पहल काफी राहत देने वाली मानी जा रही है.

Nawada Education News : स्थानीय छात्रों को मिलेगा सीधा फायदा

उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद एडीएम ने कहा कि इस महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. अब यहां के छात्रों को पढ़ाई के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी.

उन्होंने बताया कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले कई छात्र आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते थे, लेकिन अब इस कॉलेज के खुलने से ऐसी समस्याओं में कमी आएगी. साथ ही, क्षेत्र में शिक्षा का स्तर भी बेहतर होने की उम्मीद है.

Government College Nawada : जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

महाविद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य लोग शामिल हुए. प्रखंड प्रमुख पंकज कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार, अंचलाधिकारी आयुष चंद्र हास, जिला परिषद सदस्य सुनैना देवी, बीस सूत्री अध्यक्ष रामप्रवेश कुमार, मुखिया शंकर कुमार समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

इसके अलावा प्रभारी प्राचार्य डॉ नागेंद्र कुमार, जदयू नेता अभय शंकर, बरसर डॉ मिथलेश कुमार पासवान, लेखापाल दीपक कुमार और सेवानिवृत्त इंजीनियर शालीग्राम सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

Kashichak Degree College : नामपट्ट अनावरण और परिसर का निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महाविद्यालय के नामपट्ट का अनावरण किया और पूरे परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान कॉलेज की व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को लेकर भी चर्चा की गई.

उद्घाटन समारोह में आसपास के मध्य विद्यालय और इंटर विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे. स्थानीय लोगों में भी इस नए कॉलेज को लेकर उत्साह देखने को मिला.

अंत में इस कॉलेज के शुरू होने से क्षेत्र के छात्रों के लिए शिक्षा के नए रास्ते खुल गए हैं. अब यह देखना अहम होगा कि आने वाले समय में यहां पठन-पाठन और संसाधनों का विकास किस तरह किया जाता है, ताकि यह संस्थान वास्तव में छात्रों के सपनों को साकार करने का केंद्र बन सके.

Also Read : नवादा: रजौली अस्पताल में एक्स-रे सेवा बंद, इलाज के लिए भटक रहे मरीज; स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >