Nawada News: बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एमएलसी को मांग पत्र सौंपा है. संघ के जिलाध्यक्ष रामजी प्रसाद की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र देते हुए बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र में शिक्षकों की समस्याओं को उठाने की मांग की.
जिलाध्यक्ष रामजी प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापक, प्रधान शिक्षक, प्रधानाध्यापक एवं पुस्तकालय अध्यक्ष लंबे समय से कई समस्याओं से जूझ रहे हैं. उन्होंने कहा कि नियोजन नियमावली में प्रावधान होने के बावजूद करीब 20 वर्षों से शिक्षा व्यवस्था की मुख्यधारा में योगदान दे रहे नियोजित शिक्षक प्रोन्नति और ऐच्छिक स्थानांतरण के लाभ से वंचित हैं.
वेतन और सुविधाओं में समानता की मांग
जिलाध्यक्ष ने कहा कि एक ही विद्यालय में शिक्षण कार्य करने वाले नियमित शिक्षक, नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक और विद्यालय अध्यापकों के वेतनमान एवं सुविधाओं में काफी अंतर है. इससे शिक्षकों में असमानता की भावना पैदा हो रही है, जिसका असर शिक्षण व्यवस्था पर भी पड़ सकता है.
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कर शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है. संघ की जिला इकाई ने मांग पत्र के माध्यम से शिक्षकों की मांगों को विधानसभा के मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाने का आग्रह किया है.
इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार रंजन, सचिव अजय कुमार, सत्यदेव, शंकर, संतोष, सुरेंद्र कुमार, शंभू यादव और अनिरुद्ध कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
