Nawada News: काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में विवाहिता बबीता देवी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मृतका की मां धानो देवी द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर ससुराल पक्ष के कुल 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मृतका की सास उर्मिला देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. गौरतलब है कि गुरुवार को हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल था और मायके पक्ष के लोगों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया था, जिसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया.
निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से होगी मामले की जांच
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की मां द्वारा दिए गए आवेदन में ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की जांच उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयानों तथा पोस्टमार्टम एवं अन्य वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के आधार पर पूरी निष्पक्षता से की जाएगी. घटना वाले दिन गांव में भारी भीड़ और तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उर्मिला देवी को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया था, जिन्हें बाद में नामजद आरोपी होने के कारण विधिसम्मत तरीके से गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया.
प्रारंभिक चरण में है अनुसंधान, अन्य आरोपियों पर नजर
थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. नामजद अभियुक्त उर्मिला देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि अनुसंधान अभी अपने प्रारंभिक चरण में है और जांच के दौरान जो भी नए तथ्य या साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर फरार चल रहे अन्य आरोपियों के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी आरोपी की अंतिम भूमिका का निर्धारण विवेचना एवं न्यायिक प्रक्रिया के उपरांत ही सुनिश्चित होगा.
