Nawada News : अकबरपुर प्रखंड के बलिया बुजुर्ग गांव में शनिवार को श्री श्री 108 श्री शनिदेव महाराज का तृतीय वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुआ. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. गांव ही नहीं, आसपास के कई क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शनिदेव के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे. पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और महाभंडारे के कारण पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. उत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना एवं 108 श्री शनि चालीसा के सामूहिक पाठ से हुआ. श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.
भजन संध्या में कलाकारों ने बांधा समां
शाम होते ही आयोजित भव्य भजन-संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया. कार्यक्रम में चर्चित कलाकार प्रियंका यादव (स्टार यूपी-बिहार), मोहित उपाध्याय, नीरज उपाध्याय, गुड्डू उपाध्याय, विपीन बिहारी, दिलीप कुमार सिंह और मनीष उपाध्याय सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. देर रात तक श्रद्धालु भजनों की मधुर धुन पर झूमते रहे और पूरा वातावरण 'जय शनिदेव महाराज' के जयघोष से गूंजता रहा.
महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
इस अवसर पर हवन-पूजन एवं महाभंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया.
आयोजन की सफलता में ग्रामीणों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आचार्य एवं सह-आयोजक प्रवीण कुमार पाण्डेय उर्फ प्रशांत कुमार, नवीन सिंह, निरंजन सिंह और कारू सिंह सहित समस्त बलिया बुजुर्ग ग्रामवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजनकर्ता प्रवीण कुमार पाण्डेय उर्फ प्रशांत कुमार ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और भगवान शनिदेव की कृपा से यह उत्सव पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ.
धार्मिक आयोजनों से मजबूत होती है सामाजिक एकता
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन न केवल लोगों की आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं. पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और समर्पण की अद्भुत मिसाल देखने को मिली.
