Nawada News : अकबरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को बीडीओ राधा रमण मुरारी की अध्यक्षता में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं पंचायत सचिवों के साथ बैठक आयोजित की गयी. बैठक में प्रखंड क्षेत्र में पात्र लाभुकों का राशन कार्ड बनाने को लेकर चल रहे कार्य की समीक्षा की गयी. अधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए पंचायत स्तर पर समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
9 हजार पात्र लाभुकों का राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य
बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एमओ कमालुद्दीन ने बताया कि अकबरपुर प्रखंड में करीब 9 हजार पात्र लाभुकों का राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. हालांकि, लाभुकों के जाति प्रमाणपत्र नहीं बन पाने के कारण लक्ष्य पूरा करने में परेशानी आ रही है. दस्तावेजों की कमी के कारण कई पात्र लाभुक राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
शादीशुदा महिलाओं के जाति प्रमाणपत्र में आ रही परेशानी
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि विशेष रूप से शादीशुदा महिलाओं के जाति प्रमाणपत्र को लेकर समस्या सामने आ रही है. नियमानुसार ऐसी महिलाओं को जाति प्रमाणपत्र अपने मायके से बनवाकर लाना पड़ता है. कई महिलाएं मायके से प्रमाणपत्र बनवाकर नहीं ला पा रही हैं, जिसके कारण राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है.
पुरुष सदस्य के नाम से आवेदन का सुझाव
बैठक में जाति प्रमाणपत्र से जुड़ी समस्या के समाधान पर भी चर्चा की गयी. अधिकारियों ने सुझाव दिया कि जहां संभव हो, राशन कार्ड के लिए पुरुष सदस्य के नाम से आवेदन कराया जाए. इससे जाति प्रमाणपत्र बनवाने में आने वाली परेशानी को कम किया जा सकेगा और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी.
पात्र लाभुकों तक पहुंचकर दस्तावेज जुटाने का निर्देश
बीडीओ राधा रमण मुरारी ने संबंधित पंचायत सचिवों एवं आपूर्ति विभाग के कर्मियों को पात्र लाभुकों तक पहुंच बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आवश्यक दस्तावेज जुटाकर राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लायी जाए. बैठक में लक्ष्य प्राप्ति के लिए पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर भी जोर दिया गया.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
