नवादा कार्यालय : सदर अस्पताल स्थित चिकित्सा संघ भवन में मंगलवार को पेंशनर्स एसोसिएशन की जिला इकाई द्वारा जिला स्तरीय कन्वेंशन आयोजित की गयी. कन्वेंशन की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष देवनंदन प्रसाद ने की. इसमें पेंशनर्स की स्थिति व समाज में उनकी भूमिका विषय पर बोलते हुए बिहार राज्य पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री बैजनाथ झा ने कहा कि समाज को नयी दिशा व दशा देने में पेंशनर्स की बड़ी भूमिका होती है.
अपने जीवन की सांध्य बेला में पेंशनर्स परिवार, समाज सहित देश को अपनी लंबे कार्य अनुभव के तहत विकास व सामाजिक समरसता का पाठ पढ़ाते हैं. समाज के नवनिर्माण में पेंशनर्स का दायित्व सर्वोपरि होता हैं. कन्वेंशन में जिला मंत्री भुनेश्वर प्रसाद सिंह, रामजतन सिंह, अशोक शर्मा, भोला प्रसाद, सुरेश प्रसाद आदि ने भी संबोधित किया. केंद्रीय ट्रेड यूनियन व अन्य जन संगठन के आह्वान पर बुलाये गये प्रस्तावित दो सितंबर के हड़ताल को सफल बनाने पर रणनीति तैयार की गयी. प्रस्तावित तिथि को धरना-प्रदर्शन करके एसोसिएशन की एकजुटता को प्रदर्शित करने की बात कही गयी है. कन्वेंशन में अयोध्या प्रसाद, बलराम प्रसाद, किशोरी प्रसाद मेहता, सीताराम सिंह सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित थे.
