रामनवमी में सोशल मीडिया पर रहेगी नजर, शांति से मनाएं त्योहार : डीएम

अफवाहों से बचने और सौहार्द बनाये रखने की अपील

डीएम व एसपी ने शांति समिति के सदस्यों से लिया फीडबैक, सहयोग का भरोसा

प्रतिनिधि, नवादा नगर. रामनवमी पर्व शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को डीआरडीए सभागार में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता डीएम रवि प्रकाश व एसपी अभिनव धीमान ने की. इस दौरान जिले में विधि-व्यवस्था के संधारण को लेकर व्यापक चर्चा की गयी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.बैठक की शुरुआत विभिन्न क्षेत्रों से आये शांति समिति के सदस्यों से फीडबैक प्राप्त कर की गयी. सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों की जानकारी प्रशासन को दी. साथ ही सभी ने एकमत होकर आश्वस्त किया कि वे रामनवमी पर्व को भाईचारे और शांति के वातावरण में मनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करेंगे.

अफवाहों से बचने और सौहार्द बनाये रखने की अपील

जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जायेगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जायेगी.

डीजे, हथियार व बाइक पर रहेगा प्रतिबंध

प्रशासन ने कहा कि रामनवमी के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. शोभायात्रा में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र जैसे तलवार आदि के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा जुलूस के दौरान मोटरसाइकिल के प्रयोग पर भी रोक लगायी गयी है. बाइकरों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये गये हैं.

शराबियों पर होगी कार्रवाई

पर्व के दौरान चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर आने वाले लोगों की सघन जांच की जायेगी. यदि कोई व्यक्ति शोभायात्रा में शराब के प्रभाव में पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जायेगा.

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं. पुलिस की बाइकर्स टीमों की ओर से लगातार गश्ती की जायेगी. शरारती तत्वों की पहचान के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है. प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे तथा ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जायेगी.

साफ-सफाई और व्यवस्था पर विशेष जोर

नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें. शोभायात्रा में लगाये गये झंडे को जुलूस समाप्ति के 24 घंटे के भीतर हटाना अनिवार्य होगा. रेलवे फाटक सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारियों की तैनाती भी की जायेगी.

सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर

पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि रामनवमी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी तथा बाइक गश्ती बढ़ायी जायेगी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जायेगी और भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

अश्लील व आपत्तिजनक गीतों पर प्रतिबंध

शोभायात्रा के दौरान अश्लील व किसी धर्म विशेष से संबंधित आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है. बैठक में एडीएम, एसडीओ नवादा सदर एवं रजौली, एसडीपीओ नवादा एवं हिसुआ, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), गोपनीय शाखा प्रभारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, डीपीआरओ, वार्ड पार्षद अध्यक्षा सहित शांति समिति के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >