घटना के बाद नदी के पास लगी भीड़.
चार घंटे बाद मिला तैयब का शव
तकिया पर के पास दो बच्चे किसी तरह पानी के बहाव से निकले
बच्चों ने परिजनों को जाकर दी जानकारी
नवादा कार्यालय : शहर के बीच से गुजरनेवाली खुरी नदी शनिवार को मौत की नदी बन गयी. तकिया पर के पास नदी में नहाने गये तीन बच्चों में एक की मौत हो गयी, दो बच्चे किसी तरह पानी के बहाव से निकल कर भागते हुए घर पहुंचे. घरवालों को घटना की जानकारी दी. आनन-फानन में मुहल्ले वालों ने पहुंच कर बच्चे के खोजबीन शुरू की. लेकिन, काफी देर हो चुकी थी. लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे के शव को नदी से निकाला गया. मोगलाखर निवासी नइम अंसारी का 11 साल का बेटा तैयब उर्फ शाहबाज अपने हमउम्र लड़कों के साथ शनिवार को खुरी नदी में नहाने चला गया.
हालांकि नदी में पानी का बहाव ज्यादा नहीं था. लेकिन छोटे बच्चे नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और डूबने लगे. इनमें से दो बच्चे नदी से किसी तरह निकल कर घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी. जब तक तैयब को बचाने परिजन पहुंचते, काफी देर हो चुकी थी. तैयब के मृत शरीर के निकलते ही परिजनों के सब्र का बांध टूट पड़ा. सभी चीत्कार लगा रोने लगे. देर शाम शव के अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
इस अनहोनी से पूरे इलाके में गम की लहर दौड़ गयी. कुछ ही दिन पहले जिला प्रशासन ने नदी, तालाब, पोखर आदि में स्नान करने व बच्चों को इनसे दूर रहने की सूचना जन संपर्क विभाग के द्वारा जारी करवाया था. बावजूद नदी में डूबने से बच्चे की जान चली गयी.
