नगर पर्षद के अधिकारी रहे मौजूद
अांबेडकर नगर में अर्थमूवर नहीं पहुंच पाने के कारण हुई समस्या
पानीवाले इलाकों में जाने से प्रशासन ने किया अलर्ट
नवादा नगर : नगर में कई स्थानों पर जमा पानी को निकालने के लिए नगर पर्षद के अधिकारी सक्रिय दिखे. पानी में डूबे अांबेडकर नगर व डोभरापर मुहल्ले से पानी निकासी के लिए नगर पर्षद के सफाईकर्मी व अधिकारी पानी निकासी के लिए अर्थमूवर (जेसीबी मशीन) से नया रास्ता बनाकर पानी निकालने का प्रयास करते दिखे. प्रभात खबर में दोनों मुहल्लों में बारिश के जमा पानी निकासी की समस्या को लेकर विस्तार से खबर प्रकाशित की गयी थी. नगर पर्षद के अधिकारियों के साथ ही वार्ड पार्षद सुबोध कुमार जॉनी भी व्यस्त दिखे. डोभरा पर मुहल्ले में गलत तरीके से भवन निर्माण कर मुख्य पाइन को भर दिया गया है. इससे पानी निकासी का रास्ता पूरी तरह से जाम हो गया था. इसे बड़ी मुश्किल के साथ हटाया गया.
लोग परेशान : डोभरापर मुहल्ले के लोगों के घरों में पानी घुस गया था. बारिश के पानी से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. लोगों की शिकायत के बाद नगर पर्षद के अधिकारी हड़कत मे आये. अर्थमूवर से पानी निकालने का रास्ता बनाया गया. लेकिन अब भी अांबेडकर नगर मुहल्ले में पानी निकासी का रास्ता नहीं बनाया गया है. इसके कारण इस क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है. अब भी इन क्षेत्रों के लोगों को पानी में घुस कर जाना पड़ रहा है. जेसीबी मशीन वहां तक नहीं पहुंचने के कारण मुख्य रूप से यह समस्या हुई.
कई क्षेत्रों में अब भी भरा है पानी
बरसात का पानी अब भी शहर के कई हिस्सों में भरा हुआ है. डोभरापर मुहल्ले से पानी निकालने का रास्ता बनाये जाने के बाद भी यहां से पानी निकलने मे अभी समय लगेगा. अांबेडकर नगर से पानी निकलने के लिए अभी और भी प्रयास करना होगा.
जेसीबी मशीन से काम नहीं होने के कारण अब मजदूरों को लगाकर रास्ता बनाना होगा. स्थानीय वार्ड पार्षद के अनुसार पानी कम होने के बाद मजदूरों की मदद से पानी निकलने का रास्ता बनाया जायेगा. नगर के कई अन्य मुहल्लों में पानी निकासी के लिए प्रयास हो रहे हैं. स्थानीय लोग भी अपने स्तर से जल निकासी की समस्या दूर करने को लेकर काम शुरू किये हैं.
बाढ़ के खतरे को लेकर किया अलर्ट :जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ के खतरे को देखते हुए सभी अधिकारियों को अलर्ट किया गया है. वर्षा के बाद नदियों के जल स्तर में हुई वृद्धि को देखते हुए डीएम ने सभी बीडीओ, सीओ व थानाध्यक्षों को अलर्ट रहने का आदेश दिया है.
डीएम द्वारा जारी आदेश के अनुसार लोगों को नदियों, नालों, तालाबों, आहर-पाइन, जल प्रपात आदि में आये उफान से लोगों को दूर रहने की सलाह दी गयी है. जिले में नदी व तालाबों में डूबकर बच्चों की हुई घटना से सबक लेते हुए लोगों को खासकर छोटे बच्चों को इन पानी वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील लोगों से करने के लिए कहा गया है.
जान-माल की क्षति रोकने के लिए रहें सावधान : डीएम द्वारा दिये गये आदेश के अनुसार वर्षा के कारण नदियों के बढ़े जलस्तर से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए इस प्राकृतिक आपदा के समय सभी एहतियात की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. नदी के किनारे रहने वाले लोगों को खासकर कच्चा मकान वाले लोगों को ऊपरी स्थानों पर जाने की सलाह देने को कहा गया है.
इस संबंध की जानकारी राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव, चौकीदार, दफादार व अन्य कर्मचारियों को दिया जाये, ताकि प्रभावित लोगों को ससमय आवश्यक कार्रवाई कर जान माल के नुकसान से बचाया जा सके.
प्रचार-प्रसार पर जोर : लोगों को बढ़े पानी के खतरों से सावधान करते हुए पानी वाले स्थानों से दूर रहने के लिए आगाह करने को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा निर्देश दिया गया है. लोगों तक सभी जरूरी सूचनाएं ससमय पहुंचे इसका इंतजाम करने को कहा गया है. सूचना व जनसंपर्क विभाग द्वारा कई स्थानों पर बाढ़ की स्थिति से निबटने के लिए जागरूकता बोर्ड लगाया गया है.
