ककोलत विकास समिति व दुकानों को काफी नुकसान
गोविंदपुर : ककोलत में रविवार की रात हुई तेज बारिश से लाखों का नुकसान हो गया है. चार होटल पानी में बह गया है. सोमवार को ककोलत के केयर टेकर जमुना पासवान ने बताया कि रविवार की रात बारिश के कारण ककोलत की सीढ़ी के बगल से तीन-चार जगहों पर 15 से 20 फुट तक गड्ढे हो गये हैं. इससे सीढ़ियां टूट गयी हैं. धारा के पास का ग्रिल पानी के साथ बह गया है. लोहे का रेलिंग भी पानी के कारण टूट गया है. साथ ही कुंड पत्थर से भर गया है. इससे कुंड में नहाना मुश्किल है. बारिश से रास्ता क्षतिग्रस्त होने के कारण कुंड पर आवगमन पर रोक लगा दिया गया है. ककोलत परिषद का सैकड़ों टेबुल-कुरसी पानी में बहा गया है. इससे ककोलत विकास समिति को लगभग 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
ककोलत प्रवेश द्वार पर बने कई छोटे-छोटे होटल सामान समेत पानी में बह गया है. इससे लाखों का नुकसान हुआ है.जमुना पासवान ने बताया कि चंदु राम के होटल से 10 हजार का सामान पानी में बह गया. अरविंद पासवान का 20 हजार रुपये का, राजेंद्र राम के 10 हजार व श्रवण चौधरी के 10 हजार रुपये का टेबुल, कुरसी, चौकी, ड्रम समेत अन्य सामान भी पानी में बह गया है. इससे होटल मालिक चिंतित हैं.
थाली से ककोलत जाने वाली सड़क एकतारा गांव के पास लगभग आधा किमी रोड भी पानी में बह गया है. इससे आवागमन बाधित हो गया है. रोड के पानी में बह जाने के कारण कोई भी वाहन ककोलत नहीं जा पा रहा है. जमुना पासवान ने बताया कि कोई भी सैलानी बारिश के पानी में नहीं फंसे हैं. सोमवार को आने वाले सैलानियों को थाली मोड़ में ही रोकने का काम किया गया. इससे कोई भी सैलानी ककोलत में नहीं फंसे.
