इलाज के दौरान मंडलकारा के बंदी की पटना में हुई मौत
मौत व कुव्यवस्था पर बंदियों ने किया हंगामा
काशीचक का भगवतपुर निवासी अरविंद सिंह हत्याकांड में था सजायाफ्ता
नवादा सदर : मंडलकारा के सजायाफ्ता बंदी की बुधवार की शाम इलाज के दौरान पटना में मौत होने पर गुरुवार की सुबह बंदियों ने जेल में जम कर हंगामा किया. काशीचक थाना क्षेत्र के भगवतपुर निवासी बंदी अरविंद सिंह का बुधवार को पटना में इलाज के दौरान मौत हो गयी. अरविंद सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे.
मंडलकारा से इलाज के लिए अरविंद सिंह को सदर अस्पताल में भरती किया गया था.यहां से सघन चिकित्सा के लिए पटना रेफर किया गया था. पटना में ही बंदी अरविंद सिंह ने दम तोड़ दिया. पटना के डॉक्टरों ने मौत के लिए लीवर डैमेज बताया है. अरविंद सिंह हत्याकांड के मामले में सजायाफ्ता बंदी थे. दो अन्य मामले भी उन पर पहले से चल रहे थे. बंदी की मौत की खबर पाकर नवादा मंडलकारा के बंदियों ने गुरुवार की सुबह जेल के अंदर खूब हंगामा किया.
बंदियों का आरोप है कि कुव्यवस्था के कारण मौत हुई है. दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाये. हंगामा कर रहे लोगों पर जेल प्रशासन की ओर से लाठीचार्ज भी किया गया. फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है. जेल अधीक्षक रामाधार सिंह ने बंदी अरविंद सिंह की मौत की पुष्टि की है. जेल के अंदर बंदियों में जेल प्रशासन के रवैया की खिलाफ काफी आक्रोश है.
