हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल में कराया गया भरती
नवादा सदर : मंडलकारा नवादा में व्याप्त कुव्यवस्था का आरोप लगा हत्या के प्रयास के आरोपी बंदी राजेश पांडेय ने बुधवार से जेल में अनशन शुरू कर दिया. गुरुवार को हालत बिगड़ने पर बंदी को सदर अस्पताल में भरती कराया गया है.
सदर अस्पताल में बंदी राजेश पांडेय ने बताया कि जेल में इलाज के नाम पर सभी को एक ही प्रकार की दवा दी जाती है. बंदियों के इलाज में कोताही के कारण ही बंदियों की हालत बिगड़ रही है. काशीचक के बंदी की मौत भी इलाज के अभाव में हो गयी. नारदीगंज थाना क्षेत्र के रामे निवासी राजेश पांडेय ने बताया कि मंडलकारा में बंदियों को भोजन भी सही नहीं दिया जाता है.
बंदियों से व्यवहार भी ठीक नहीं किया जाता है. मंडलकारा में 570 बंदियों को जानवरों की तरह खाना खिलाया जाता है.इधर,मंडलकारा के ही बीमार बंदी छोटू अंसारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया है. उसकी भी तबीयत काफी बिगड़ गयी थी.
छोटू अंसारी अकबरपुर थाना क्षेत्र के फरहा गांव का निवासी है. छोटू अंसारी ने भी बताया कि जेल अस्पताल में इलाज के नाम पर खानापूर्ति की जाती है. सही ढंग से इलाज नहीं होने के कारण बंदियों की हालत बिगड़ रही है. इस संबंध में कारा अधीक्षक रामाधार सिंह ने कहा कि बंदियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा जाता है. कुव्यवस्था की बात नहीं है.
