नवादा सदर. सदर अस्पताल की लापरवाही सोमवार को उस वक्त सामने आ गयी जब अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में ब्लड डोनेट करने आये दो लोग वापस लौट गये. प्रति वर्ष स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रक्तदान करने वाले व्यक्ति ने अस्पताल की कुव्यवस्था की शिकायत प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव से की है. शहर के अांबेडकर टोला निवासी विनोद कुमार वर्मा व अकबरपुर निवासी मुन्ना प्रसाद प्रत्येक साल की तरह इस साल भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रक्तदान करने ब्लड बैंक पहुंचे. दिन के 11 बजे से 12 बज कर 35 मिनट तक इंतजार करने के बाद भी कोई नहीं पहुंचे, तो दोनों वापस लौटना ही उचित समझे. दोनों ने इस संबंध में पहले ही सूचना दे रखी थी.
इस संबंध में सिविल सर्जन से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा कि आज छुट्टी का दिन है. जबकि ब्लड बैंक के सूचना बोर्ड पर 15 अगस्त के ड्यूटी पर रहने वाले डॉक्टर व कर्मचारियों का नाम अंकित था. सदर अस्पताल की व्यवस्था से नाराज विनोद कुमार वर्मा व मुन्ना प्रसाद ने अब रक्तदान नहीं करने का मन बनाया है. इससे सम्बंधित शिकायत स्वास्थ्य मंत्री से की है.
